July 18, 2026

डिप्टी सीएम ने अस्पताल में महिला के पैर छुए: काशी में पूछा- अम्मा, क्या दिक्कत है; CMS से कहा- हाथ जोड़ने की जरूरत नहीं - Varanasi News

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक शनिवार शाम करीब 6 बजे काशी के सरकारी अस्पताल पहुंचे। मरीजों और तीमारदारों से सीधे बातचीत की। इस दौरान डिप्टी सीएम एक बुजुर्ग महिला के पास जमीन पर बैठ गए। उससे हालचाल पूछा। फिर उठते समय महिला के पैर छुए।

.

डिप्टी सीएम ने पूछा- अम्मा, क्या दिक्कत है आपको?” इस पर महिला ने बताया- मेरी बेटी अस्पताल में भर्ती है। मेरी भी तबीयत खराब है। इसके बाद डिप्टी सीएम प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक (CMS) के केबिन में पहुंचे। CMS डिप्टी सीएम के आगे हाथ जोड़कर घबराहट में उनके सवालों का जवाब देने लगे। इस पर डिप्टी सीएम ने कहा- डॉक्टर साहब, हाथ मत जोड़िए अच्छा नहीं लगता। आप वरिष्ठ डॉक्टर हैं।

3 तस्वीरें देखिए…

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मरीजों और तीमारदारों से सीधे बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मरीजों और तीमारदारों से सीधे बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अस्पताल में भर्ती एक बुजुर्ग महिला मरीज से बातचीत की।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अस्पताल में भर्ती एक बुजुर्ग महिला मरीज से बातचीत की।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक करीब आधे घंटे तक अस्पताल में रहे।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक करीब आधे घंटे तक अस्पताल में रहे।

अब जानिए पूरा मामला

मामला श्री शिवप्रसाद गुप्ता मंडलीय चिकित्सालय का है। यहां डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने करीब आधे घंटे तक निरीक्षण किया। कई मरीजों से अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में पूछा। डिप्टी सीएम सीधे इमरजेंसी वार्ड में पहुंचे। यहां वेटिंग एरिया में बुजुर्ग महिला तारामुनि कुर्सी पर बैठी थी। बुजुर्ग महिला को देखकर पाठक उसकी तरफ मुड़ गए। बिना देरी किए वह महिला के पैर के पास बैठ गए।

बोले- अम्मा, यहां कोई असुविधा तो नहीं है? अस्पताल में आपसे बाहर से दवाई तो नहीं मंगाई गई? अब आराम है न? उनके सभी सवालों का जवाब तारामुनि ने ‘हां’ में दिया। इसके बाद पाठक ने बुजुर्ग महिला का पैर छुए और सीधे जनरल वार्ड के अंदर चले गए।

AC नहीं चलने पर नाराजगी जताई

डिप्टी सीएम जब इमरजेंसी वार्ड के ICU में पहुंचे, तो उन्होंने AC की तरफ देखते हुए पूछा- यह चल क्यों नहीं रहा है? उन्होंने अधीक्षक से तत्काल AC चलवाने के निर्देश दिए। दरअसल, AC तो चल रहा था, लेकिन कूलिंग नहीं थी।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बुजुर्ग महिला तारामुनि के पास जमीन पर बैठ गए। उससे हालचाल पूछा और पैर भी छुए।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बुजुर्ग महिला तारामुनि के पास जमीन पर बैठ गए। उससे हालचाल पूछा और पैर भी छुए।

कांप रही मरीज के पास पहुंचे, बोले- चादर क्यों नहीं दिया

डिप्टी सीएम जनरल वार्ड में भर्ती एक महिला के बेड के पास पहुंचे। उसे ऑक्सीजन दी जा रही थी और वह कांप रही थी। महिला बिना चादर बेड पर लेटी थी। इस पर ब्रजेश पाठक ने तत्काल उसे चादर देने को कहा।

इसी तरह उन्होंने 2 अन्य मरीजों से भी हाल जाना। तीमारदार पूजा गिरि से उन्होंने व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। पूछा- कोई दवा बाहर से तो नहीं लिखी जा रही है? इस पर मरीजों ने बताया कि अंदर की ही दवाएं मिल रही हैं।

डिप्टी सीएम को देखकर घबरा गए CMS

निरीक्षण के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक जनरल वार्ड में पूरा घूमने के बाद सीधे प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ब्रजेश कुमार के केबिन में पहुंच गए। उनसे करीब 15 मिनट तक अस्पताल की व्यवस्था के बारे में पूछा। बगल में बैठे अधीक्षक डॉ. ब्रजेश कुमार हाथ जोड़े घबराहट में उनके सवालों का जवाब दे रहे थे। इस पर उन्होंने कहा- परेशान मत होइए, आराम से जवाब दीजिए। हम सब परिवार के ही हैं।

निरीक्षण के बाद सीधे प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ब्रजेश कुमार के चेंबर में पहुंचे।

निरीक्षण के बाद सीधे प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ब्रजेश कुमार के चेंबर में पहुंचे।

CMO नहीं दे सके डिप्टी सीएम के सवालों का जवाब

इसके बाद ब्रजेश पाठक पंडित दीनदयाल राजकीय चिकित्सालय पहुंचे। यहां बनी लैब शुरू नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने सीएमओ मुकेश कुमार से इसका कारण पूछा, तो वह जवाब नहीं दे सके। बगल में बैठे अपर निदेशक डॉ. एनडी शर्मा की तरफ देखने लगे। इस पर ब्रजेश पाठक ने अपर निदेशक को निर्देश दिया कि रात में अस्पताल का निरीक्षण करें। पता करके हमें बताएं कि आखिर लैब अभी तक चालू क्यों नहीं हो सकी?

ब्रजेश पाठक ने कबीर चौरा अस्पताल में बन रहे मल्टी सुपरस्पेशियिलटी अस्पताल के बारे में भी पूछा। अफसरों को निर्देश दिया दिन-रात काम लगाकर इसे पूरा कराना है। इसके लिए उन्होंने कार्यदायी संस्थान को भी निर्देश दिए।

कहा- जब तक अस्पताल तैयार नहीं हो जाता, तब तक इस अस्पताल के मरीजों को बगल में स्थित महिला अस्पताल में शिफ्ट किया जाए। जिससे किसी भी मरीज को इलाज में असुविधा न हो।

कोरोना को लेकर अलर्ट है विभाग वाराणसी में कोरोना के केस मिलने पर उन्होंने कहा, कि वही घबराने की जरूरत नहीं है। जो मरीज मिले हैं उन्हें कोई दिक्कत नहीं है। होम आइसोलेशन में रखा गया है। विभाग इसे लेकर पूरी तरह से तैयार है। ब्रजेश पाठक के निरीक्षण के दौरान महापौर अशोक तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, AD हेल्थ डॉ एनडी शर्मा, डॉ सत्येन राय व अन्य रहे।

------------------------

ये खबर भी पढ़ें

लड़की से पूछा- शादी करोगी, मना करते ही गोली मारी:चिल्लाते हुए भागा- किसी और की नहीं होने दूंगा; मेरठ में बीच सड़क वारदात

मेरठ में सिरफिरे आशिक ने एकतरफा प्यार में बीच सड़क 24 साल की लड़की को गोली मार दी। गुरुवार रात 11 बजे आरोपी ने सहेली के साथ लड़की को रोका। उससे पूछा- मुझसे शादी कर लो। लड़की ने मना किया तो बंदूक निकाल ली। फायर कर दिया। पढ़ें पूरी खबर…