उज्जैन30 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

उज्जैन के डॉ. विक्रम रघुवंशी ने CMHO (मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी) का पदभार संभालते ही जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों के साथ निजी अस्पताल, नर्सिंग होम, क्लीनिक, पैथोलॉजी, डायग्नोस्टिक सेंटर और फार्मेसी के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक स्वास्थ्य संस्था में मरीज सहायता व्यवस्था और शिकायत निवारण प्रणाली को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को OPD, जांच, दवा, भर्ती, रेफरल सहित अन्य सेवाओं के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े।
मंगलवार को आदेश जारी होने के बाद बुधवार दोपहर डॉ. रघुवंशी ने CMHO कार्यालय पहुंचकर पदभार संभाला। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर, सम्मानजनक और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
गंभीर और आपातकालीन मरीजों को समय पर आवश्यक उपचार देने के साथ वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और जरूरतमंद मरीजों को विशेष सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है।
CMHO ने स्पष्ट किया कि जारी निर्देश केवल कागजों तक सीमित नहीं रहेंगे। विजिलेंस शाखा शिकायतों की समय-समय पर समीक्षा, रिकॉर्ड की जांच और औचक निरीक्षण करेगी। अनियमितता या लापरवाही मिलने पर प्रचलित नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
CMHO के प्रमुख निर्देश
- मरीज सहायता: हर स्वास्थ्य संस्था में मरीज सहायता और शिकायत निवारण व्यवस्था प्रभावी बनाने के निर्देश।
- आपातकालीन सेवा: गंभीर और आपातकालीन मरीजों को समय पर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाए।
- विशेष सहायता: वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और जरूरतमंद मरीजों को प्राथमिकता के साथ सहायता दी जाए।
- निजी अस्पताल: अस्पताल, नर्सिंग होम, क्लीनिक और पैथोलॉजी सेंटर अपने पंजीकरण, सेवाओं, शुल्क, मरीज रिकॉर्ड और लागू नियमों का पालन सुनिश्चित करें।
- फार्मेसी: वैध लाइसेंस, दवाओं के भंडारण, बिलिंग और औषधि बिक्री से जुड़े नियमों का पालन अनिवार्य किया गया है।
- व्यवहार पर जोर: चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों व उनके परिजनों के साथ सम्मानजनक, संवेदनशील और सेवाभावपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश।
- औचक निरीक्षण: विजिलेंस शाखा शिकायतों की समीक्षा के साथ रिकॉर्ड परीक्षण और औचक निरीक्षण करेगी।
- लापरवाही पर कार्रवाई: अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर प्रचलित नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
.