July 23, 2026

CM Nayab Saini Sirsa Visit: JE-ASI पर एक्शन, 19 शिकायतों पर सुनवाई - Haribhoomi

CM Nayab Saini Sirsa Visit: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिरसा में ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में 19 शिकायतों पर सुनवाई की। JE और ASI को चार्जशीट करने के आदेश दिए। साथ ही वीटा मिल्क चिलिंग प्लांट और ड्रग रिकवरी सेंटर का लोकार्पण किया।

CM Nayab Saini Sirsa Visit.

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिरसा दौरे के दौरान लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति (ग्रीवेंस) की बैठक की अध्यक्षता की।

  • Published: 23 Jul 2026, 03:53 PM IST
  • Last Updated: 23 Jul 2026, 04:57 PM IST

CM Nayab Saini Sirsa Visit: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को सिरसा दौरे के दौरान जनसमस्याओं पर सख्त रुख दिखाया। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (CDLU) में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में सीएम ने बिजली निगम के एक जूनियर इंजीनियर (JE) और रानियां थाना के एक ASI को चार्जशीट करने के आदेश दिए। वहीं, एक अन्य मामले में निष्पक्ष जांच के लिए विजिलेंस जांच कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने सिरसा दौरे के दौरान वीटा दुग्ध संघ के 20 हजार लीटर क्षमता वाले मिल्क चिलिंग प्लांट और इंटीग्रेटेड ड्रग रिकवरी सेंटर समेत कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने NEET परीक्षा और छात्रों से जुड़े मुद्दे पर विपक्ष और INDIA गठबंधन पर भी निशाना साधा।

ग्रीवेंस मीटिंग में 19 शिकायतों पर सुनवाई
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम हॉल में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में कुल 19 शिकायतें रखी गईं, जिनमें 16 नई और 3 लंबित शिकायतें शामिल थीं।

जनसमस्याओं की सुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। इसी दौरान अलग-अलग मामलों में लापरवाही सामने आने पर बिजली निगम के एक JE और रानियां थाना के एक ASI को चार्जशीट करने का आदेश दिया गया। एक अन्य मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विजिलेंस जांच के निर्देश दिए गए।

बैठक में पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशीलाल, लेबर बोर्ड चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, भाजपा नेता गोबिंद कांडा, सिरसा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह, डबवाली जिलाध्यक्ष रेणू शर्मा, डीसी शांतनू शर्मा और एसपी दीपक सहारण समेत अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

NEET और छात्रों के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा
मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी से NEET परीक्षा और दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर सवाल किया गया। जवाब में सीएम ने विपक्ष पर युवाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया।

सीएम सैनी ने कहा कि हरियाणा में CET परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ कराई गई और किसी बच्चे या अभिभावक को शिकायत का मौका नहीं मिला। उन्होंने कहा कि सरकार ने NEET परीक्षार्थियों के लिए मुफ्त ट्रांसपोर्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराई।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष और INDIA गठबंधन के लोग युवाओं को भड़काने और झूठ बोलकर गुमराह करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचा। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन देश के युवाओं को सशक्त और मजबूत बनाना है।

20 हजार लीटर क्षमता वाले वीटा मिल्क प्लांट का लोकार्पण
सिरसा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले को कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने वीटा दुग्ध संघ की ओर से स्थापित 20 हजार लीटर क्षमता वाले नए मिल्क चिलिंग प्लांट का लोकार्पण किया। इससे क्षेत्र में दुग्ध संग्रहण और शीतकरण क्षमता बढ़ने की उम्मीद है।

इंटीग्रेटेड ड्रग रिकवरी सेंटर की शुरुआत
मुख्यमंत्री ने सिरसा के सिविल अस्पताल परिसर में स्थापित इंटीग्रेटेड ड्रग रिकवरी सेंटर का भी शुभारंभ किया। इस केंद्र के जरिए नशे की समस्या से जूझ रहे लोगों को उपचार, नशामुक्ति और पुनर्वास से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

'एक पेड़ मां के नाम 3.0' अभियान में किया पौधारोपण
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव के तहत चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। 'एक पेड़ मां के नाम 3.0' अभियान के तहत पौधा लगाकर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

CM के दौरे पर 500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात
मुख्यमंत्री के सिरसा दौरे को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। शहर में 500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई और कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया। हालांकि, ग्रीवेंस मीटिंग के दौरान मीडिया कवरेज पर पाबंदी और हॉल के बाहर आम लोगों को रोके जाने के कारण फरियादियों को गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ा।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।