भोपाल के मैनिट में आयोजित 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है तथा 2029 तक नशा मुक्त भारत बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
सीएम मोहन यादव ने युवाओं को दिलाई नशामुक्त भारत की शपथ
- Published: 03 Aug 2026, 09:35 AM IST
- Last Updated: 03 Aug 2026, 09:35 AM IST
भोपाल: मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MANIT) में आयोजित 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। इसलिए नशा मुक्ति किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा दायित्व है।
सनातन संस्कृति 'जियो और जीने दो' का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति 'जियो और जीने दो' का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन 84 लाख योनियों के बाद प्राप्त होता है और यह ईश्वर का अमूल्य उपहार है। इस जीवन का उपयोग सकारात्मक कार्यों, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के लिए होना चाहिए, न कि नशे जैसी बुरी आदतों में।
देश का युवा नशे से मुक्त रहेगा
सीएम मोहन यादव ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा नशे से मुक्त रहेगा। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का उपयोग देश को विश्व गुरु बनाने में करने का आह्वान किया। उनका कहना था कि हर गांव, गली, मोहल्ले और परिवार तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले शहरों और गांवों में पान-बीड़ी की दुकानें अधिक दिखाई देती थीं, लेकिन अब अन्य प्रकार के नशे का खतरा तेजी से बढ़ा है। इसे रोकने के लिए राज्य सरकार लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार ने 19 धार्मिक स्थलों पर शराबबंदी लागू की है और नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
नशा विरोधी अभियान की सराहना
अपने संबोधन में सीएम ने हाल ही में हुई दो भाइयों की एक दर्दनाक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि नशे की वजह से दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज के लिए चेतावनी हैं और सभी को इससे सबक लेना चाहिए।
यह लक्ष्य जरूर हासिल होगा
मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश पुलिस के नशा विरोधी अभियान की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने वर्ष 2029 तक नशा मुक्त भारत बनाने का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि समाज और सरकार के संयुक्त प्रयासों से यह लक्ष्य जरूर हासिल होगा।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई कि वे किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन नहीं करेंगे, दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे और स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।