July 27, 2026

CM Kisan Kalyan Yojana: 82.70 लाख किसानों को दी ₹3,300 करोड़ की सौगात, खातों में पहुंचे ₹4-4 हजार, खंडवा में पुलिस बटालियन का भी ऐलान - Haribhoomi

खंडवा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत 82.70 लाख किसानों के खातों में 3,300 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की। किसानों को 4-4 हजार रुपये की किस्त मिली।

CM Kisan Kalyan Yojana

सीएम मोहन यादव ने 82.70 लाख किसानों को दी ₹3,300 करोड़ की सौगात

  • Published: 27 Jul 2026, 03:55 PM IST
  • Last Updated: 27 Jul 2026, 03:55 PM IST

मध्य प्रदेश:  किसानों के लिए सोमवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खंडवा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत प्रदेश के 82.70 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 3,300 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से ट्रांसफर की। किसानों को वर्ष 2025-26 की तीसरी और 2026-27 की पहली किस्त के रूप में एक साथ 4-4 हजार रुपये की राशि मिली।

मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने खंडवा में नई पुलिस बटालियन स्थापित करने का ऐलान किया। साथ ही कहा कि खंडवा-बूंदी मार्ग के निर्माण के लिए 15 सितंबर से पहले टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि अगले महीने से प्रदेश में सरकारी रोडवेज बस सेवा शुरू की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का किसानों ने पारंपरिक तरीके से हल भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर जैविक खेती, हाईटेक खेती और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों के साथ मेधावी विद्यार्थियों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को भी सम्मानित किया गया।

cm

लगातार किसान हित में फैसले
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार लगातार किसान हित में फैसले ले रही हैं। उन्होंने कहा कि किसान अपनी मेहनत से देश का पेट भरते हैं और सरकार उनके सम्मान व समृद्धि के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को 'कृषक कल्याण वर्ष' के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इसी के तहत पूरे प्रदेश में बलराम महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भगवान बलराम को कृषि का प्रथम देवता बताते हुए कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा दे रही है।

cm

सिंचाई का रकबा 65 लाख हेक्टेयर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई क्षमता लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में सिंचाई का रकबा 65 लाख हेक्टेयर तक पहुंच चुका है, जबकि वर्ष 2002-03 से पहले यह करीब 44 लाख हेक्टेयर था। पिछले ढाई वर्षों में ही इसमें 10 लाख हेक्टेयर से अधिक की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि अब किसान ड्रोन तकनीक का भी उपयोग कर रहे हैं और इसी वर्ष बारिश के बाद किसानों को दिन में सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराने की योजना है। उन्होंने कहा कि सरकार दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए भी विशेष प्रयास कर रही है। प्रदेश में दूध उत्पादन वृद्धि का लक्ष्य 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत रखा गया है।

cm

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता मिल रही है। वहीं जरूरतमंदों के लिए एयर एंबुलेंस सेवा, धार्मिक स्थलों के विकास और सिंहस्थ-2028 की तैयारियों पर भी सरकार तेजी से काम कर रही है।

यूसीसी पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने विधानसभा से समान नागरिक संहिता (UCC) पारित कराई है। उन्होंने दावा किया कि सर्वे के दौरान भेजे गए सुझावों में 76 प्रतिशत से अधिक मुस्लिम महिलाओं ने यूसीसी का समर्थन किया।