July 18, 2026

हरियाणा में गैंगस्टरों का महिमामंडन करने वालों पर गिरेगी गाज :  CM नायब सैनी ने पुलिस को दिए सख्त निर्देश, खत्म होगा गन कल्चर...  - Haribhoomi

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने करनाल में गैंगस्टरों के प्रति कड़ा रुख अपनाते हुए सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया के लिए सख्त एडवाइजरी जारी करने और पुलिस का तफ्तीश बजट 10 करोड़ करने के निर्देश दिए हैं।

STF Haryana Gun Culture Ban

करनाल स्थित हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन में आयोजित ड्रग्स मुक्त हरियाणा संवाद कार्यक्रम में मौजूद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व अन्य।

  • Published: 18 Jul 2026, 06:33 PM IST
  • Last Updated: 18 Jul 2026, 06:34 PM IST

Haryana Crime Advisory News : हरियाणा में अपराध और गन कल्चर को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ प्रदेश सरकार ने बेहद आक्रामक रुख अपना लिया है। करनाल स्थित हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन में आयोजित ड्रग्स मुक्त हरियाणा संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गैंगस्टरों के महिमामंडन (ग्लोरीफिकेशन) को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की।

सीएम ने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए हैं कि सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर अपराधियों को तवज्जो देने या उन्हें हीरो की तरह पेश करने पर तुरंत प्रभावी रोक लगाई जाए। इसके उल्लंघन पर अब कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसटीएफ ने उठाया मुद्दा
मधुबन के हर्षवर्धन सभागार में चल रहे इस उच्च स्तरीय संवाद में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के आला अधिकारियों ने यह गंभीर मुद्दा मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। गुरुग्राम एसटीएफ के इंचार्ज ने बताया कि अगस्त 2025 में हरियाणा विधानसभा में एक सुर से एक बड़ा प्रस्ताव पास किया गया था।

इस प्रस्ताव के जरिए सभी प्रकार के मीडिया ग्रुप्स से अपराधियों और गैंगस्टरों की खबरों को बढ़ा-चढ़ाकर न दिखाने की अपील की गई थी। इसके बावजूद सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर लगातार गन कल्चर और गैंगस्टरों को बढ़ावा देने वाली खबरें चलाई जा रही हैं, जिस पर अब लगाम लगाना अनिवार्य हो चुका है।

सोशल मीडिया संचालकों की होगी बैठक
एसटीएफ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जमीनी हकीकत से रूबरू कराते हुए बताया कि अपराधियों की लाइफस्टाइल और उनके गन कल्चर को जिस तरह मीडिया में पेश किया जाता है, उसका सबसे घातक असर स्कूली बच्चों और युवाओं पर पड़ रहा है। युवा वर्ग इन अपराधियों को अपना आदर्श मानने लगता है और अनजाने में अपराध की दलदल में फंस जाता है। 
इस पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (DPIRO) को मीडिया घरानों के साथ तालमेल बिठाने को कहा। साथ ही सीएम ने घोषणा की कि जल्द ही सभी सोशल मीडिया और यूट्यूब चैनल के संचालकों की एक विशेष बैठक बुलाई जाएगी, जहाँ उन्हें कानून के दायरों और सख्त नियमों की जानकारी देकर जागरूक किया जाएगा।

पुलिस महकमे के लिए सीएम ने यह बड़ी घोषणाएं कीं 

• तफ्तीश बजट में भारी बढ़ोतरी : पुलिस जांच को अधिक आधुनिक और साधन संपन्न बनाने के लिए 'तफ्तीश हेड' की राशि को बढ़ाकर सीधे 10 करोड़ रुपये करने का निर्णय लिया गया है।
• ड्रग्स के खिलाफ नया सिस्टम : प्रतिबंधित और ड्यूल पर्पज दवाओं (नशीली दवाएं) के अवैध इस्तेमाल पर नजर रखने के लिए एक विशेष सॉफ्टवेयर आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम लॉन्च किया जाएगा।
• पुरस्कार और पुनर्वास : एनडीपीएस (नशा तस्करी) मामलों में बेहतरीन काम करने वाले पुलिसकर्मियों के लिए नई पुरस्कार नीति लागू होगी। साथ ही प्रदेश के प्रत्येक जिले में आधुनिक नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र खोले जाएंगे।
• स्वास्थ्य सुविधाएं : पुलिस लाइन में पुलिस परिवारों के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) खोले जाएंगे और मेडिकल अफसरों की तैनाती होगी। इसके अलावा ग्रुप-डी कर्मियों के लिए एक नया मैनेजमेंट पोर्टल भी बनाया जाएगा।