September 22, 2026

हिसार में CM के दौरे से पहले शार्प शूटर दबोचा: 2 पिस्टल, 75 कारतूस मिले, 8 लोग निशाने पर थे; लॉरेंस गैंग का मेंबर - Hisar News

हिसार पुलिस ने आरोपी से दो विदेशी पिस्टल, 75 जिंदा कारतूस और तीन मैगजीन बरामद की है।

हिसार में मुख्यमंत्री के दौरे से ठीक एक सप्ताह पहले CIA ने लॉरेंस गैंग के एक शार्प शूटर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गश्त के दौरान सातरोड़ कलां इलाके से आरोपी को दबोचा। उसके पास से 2 तुर्की मेड कारतूस, 75 जिंदा कारतूस और 3 मैगजीन बरामद की है।

.

पुलिस सूत्रों की मानें तो आरोपी के निशाने पर 8 लोग थे। एरिया में वह किसी बड़ी गैंगवार को अंजाम देने आया था। हिसार पुलिस ने अभी ऑफिशियल तौर पर टारगेट का खुलासा नहीं किया है।

बता दें कि हिसार में एक अक्टूबर को हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मेले के उद्घाटन पर मुख्यमंत्री नायब सैनी को बतौर मुख्य अतिथि शामिल होना है। इससे पहले सभी सुरक्षा एजेंसियां चौकन्नी हैं। इसी बीच शॉर्प शूटर पकड़ा गया है।

हिसार में सीआईए टीम की गिरफ्त में आरोपी।

हिसार में सीआईए टीम की गिरफ्त में आरोपी।

अब जानिए CIA ने आरोपी को कैसे पकड़ा…

गश्त के दौरान पकड़ा गया: पुलिस के मुताबिक, CIA मिल गेट की टीम मंगलवार को सातरोड़ कलां इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को आरोपी के बारे में सूचना मिली। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी सुमित निवासी सातरोड़ कलां को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से हथियार और कारतूस मिले। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान उससे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि बरामद हथियार, कारतूस और मैगजीन वह कहां से लेकर आया था।

नेटवर्क का पता लगाएगी पुलिस: पुलिस यह भी पता लगाएगी कि इनका मकसद क्या था और हथियारों से जुड़े नेटवर्क में कोई और व्यक्ति शामिल है या नहीं। एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। अवैध हथियारों के दम पर समाज में डर फैलाने या अपराध करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डॉक्टर अपहरणकांड से भी जुड़ा कनेक्शन

आरोपी सुमित का नाम साल 2017 में हिसार के चर्चित डॉ. राजेश गुप्ता अपहरणकांड में भी सामने आया था। उस वक्त बदमाशों ने टाउन पार्क की पार्किंग से डॉक्टर का अपहरण कर उनकी होंडा सिटी कार लूट ली थी।

पूछताछ में खुलासा हुआ था कि लॉरेंश के कहने पर ये वारदात हुई। वहीं, लूटी गई गाड़ी गैंगस्टर संपत नेहरा और भिवानी के दीपक उर्फ टीनू को दी जानी थी। कार लूट के बाद आरोपी जयपुर भाग गए थे और वहां भी कई डकैतियों को अंजाम दिया था।

आरोपी पर पहले से 15 केस

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ 2017 से 2026 तक कुल 15 मामले दर्ज हैं। इनमें हिसार के सदर और सिविल लाइन थाने, पंजाब के मुनक थाने, राजस्थान के करधानी जयपुर थाने, हांसी के नारनौद थाने, जींद के उचाना थाने और गोहाना के सिटी थाने में दर्ज मामले शामिल हैं।

इन मामलों में आर्म्स एक्ट के साथ-साथ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, अपहरण और मारपीट जैसी अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज हैं। सबसे नया मामला 1 अप्रैल 2026 को हिसार के सदर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ था।