सीएम विष्णुदेव साय ने विकसित भारत जी रामजी योजना के तहत 125 दिन रोजगार, 318 विकास कार्य, बेटियों के लिए शौचालय और जल संरक्षण अभियानों का ऐलान किया।
सीएम विष्णुदेव साय
- Published: 06 Aug 2026, 03:43 PM IST
- Last Updated: 06 Aug 2026, 03:44 PM IST
रायपुर। सीएम विष्णुदेव साय ने मंत्रालय स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में 'विकसित भारत जी रामजी योजना' को ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आजीविका को मजबूत करने वाली ऐतिहासिक पहल बताया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना 1 जुलाई 2026 से प्रदेश में लागू हो चुकी है और इसका उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि गांवों के समग्र विकास को गति देना है।
हर वर्ष 125 दिनों का रोजगार किया जाएगा सुनिश्चित
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के तहत पंजीकृत श्रमिकों को हर वर्ष 125 दिनों का रोजगार सुनिश्चित किया जाएगा। भारत सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 551 करोड़ रुपये जारी किए हैं, जबकि अब तक छत्तीसगढ़ को 1,593 करोड़ रुपये प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना छत्तीसगढ़ में केंद्र सरकार का सबसे बड़ा निवेश साबित होगी। सीएम साय ने बताया कि योजना के तहत 318 प्रकार के विकास कार्य किए जाएंगे। इनमें जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना, आजीविका संवर्धन, पशुपालन, ड्रेनेज, जलवायु परिवर्तन से जुड़े कार्य, फॉरेस्ट फायर रोकथाम, ग्रामीण पुस्तकालय और पशु चिकित्सालय जैसे कार्य शामिल हैं।
15 अगस्त से शुरू होंगे तीन विशेष अभियान
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 15 अगस्त से 26 जनवरी 2027 तक योजना के अंतर्गत तीन विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
1. 'मेरी बेटी, मेरा अभिमान' अभियान के तहत प्रदेश के 6,671 स्कूलों में छात्राओं के लिए शौचालय बनाए जाएंगे। प्रत्येक शौचालय के निर्माण पर 4.30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
2. दूसरे अभियान के तहत मुक्तिधाम और प्रतीक्षालय निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए प्रति इकाई 6 लाख रुपये की लागत निर्धारित की गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 6,524 मुक्तिधाम एवं प्रतीक्षालयों का निर्माण 391 करोड़ रुपये की लागत से 26 जनवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
3. तीसरे अभियान 'मोर गांव, मोर पानी' के तहत जल संरक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 50 हजार से अधिक जल संरक्षण कार्य पूरे हो चुके हैं और 50 हजार से अधिक कार्य प्रगति पर हैं। इसके अलावा 10,027 सूखे हैंडपंपों के लिए रिचार्ज वेल बनाए जाएंगे।
सीएम साय ने पीएम मोदी का जताया आभार
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के तहत श्रमिकों को समय पर मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मनरेगा के तहत 450 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 395 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 'विकसित भारत जी रामजी योजना' केवल रोजगार देने की योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास, आत्मनिर्भरता और समृद्ध गांवों की दिशा में एक व्यापक अभियान है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष योजना के तहत 6,855 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जाएंगे।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)