September 5, 2026

CM के दुबई दौरे से पहले 11 IAS के तबादले: विवादों में रहीं अधिकारी निवेदिता और मारव्या को हटाया; 6 जिला पंचायत CEO भी बदले गए - Bhopal News

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दुबई दौरे से पहले मध्यप्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। 11 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इनमें सचिव और अपर सचिव स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं।

.

इसके अलावा सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने अलग आदेश जारी कर 6 राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इनमें जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) और सिंहस्थ उज्जैन के अपर मेला अधिकारी के पद शामिल हैं।

विवादों में रहने वाली नेहा मारव्या को भी हटाया

2011 बैच की IAS नेहा मारव्या को भी राज्य सरकार ने हटा दिया है। वे संचालक, आदिम जाति क्षेत्रीय विकास योजनाएं और प्रबंध संचालक, पंचायत अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। पिछले दिनों विभाग की अपर संचालक स्तर की महिला अधिकारियों के साथ भरी बैठक में अभद्रता के आरोप लगे थे।

इसके बाद विभाग के अधिकारियों ने पेन डाउन हड़ताल कर दी थी। 14 अगस्त के घटनाक्रम के बाद मुख्य सचिव से भी उनके खिलाफ शिकायत की गई थी। अब सरकार ने मारव्या को हटाकर प्रबंध संचालक, अनुसूचित जनजाति वित्त एवं विकास निगम की जिम्मेदारी सौंपी है। सागर कमिश्नर अनिल सुचारी को हटाकर दिलीप कुमार को नया संभागायुक्त बनाया गया है।

सरकार ने कुमार पुरुषोत्तम का कद बढ़ाया

मुख्यमंत्री सचिवालय में अपर सचिव और प्रबंध संचालक, राज्य कृषि विपणन बोर्ड की जिम्मेदारी संभाल रहे कुमार पुरुषोत्तम को सरकार ने अतिरिक्त जिम्मेदारी दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दुबई दौरे से पहले उन्हें आयुक्त, उद्योग और प्रबंध संचालक, लघु उद्योग निगम का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, लोक सेवा आयोग इंदौर की सचिव शीतल पटले को आगामी आदेश तक श्रम आयुक्त, इंदौर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

निधि निवेदिता को खिलाफ भी हुई थी हड़ताल

महिला और बाल विकास विभाग की आयुक्त निधि निवेदिता के विरुद्ध एक सप्ताह पहले महिला और बाल विकास विभाग के संयुक्त संचालक स्तर के अधिकारी के साथ डांट फटकार के बाद आंदोलन की स्थिति बन गई थी।

यहां के अधिकारियों ने आयुक्त के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। बाद में शासन स्तर से इस मामले में हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और अधिकारी काम पर लौटे थे। अब सरकार ने निधि निवेदिता को महिला और बाल विकास विभाग से हटाकर राजस्व विभाग में पदस्थ कर दिया है।

6 जिला पंचायत CEO भी बदले गए

आईएएस अधिकारियों के तबादलों के साथ ही सामान्य प्रशासन विभाग ने 6 राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) अधिकारियों के तबादले भी किए हैं। इन अधिकारियों को मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) और अपर मेला अधिकारी, सिंहस्थ उज्जैन के पद पर पदस्थ किया गया है।

इस बदलाव को सिंहस्थ की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिला पंचायतों में CEO स्तर पर बदलाव से संबंधित जिलों में प्रशासनिक जिम्मेदारियों का नया बंटवारा होगा।

………………………………………… यह खबर भी पढ़ें

IAS नेहा के खिलाफ सड़क पर अधिकारी, पेन डाउन रखा

जनजातीय क्षेत्रीय विकास परियोजना (TADP) की संचालक IAS नेहा मराव्या के खिलाफ शुक्रवार को अधिकारी-कर्मचारी सड़क पर उतर आए और नारेबाजी की। नेहा मराव्या पर बदसलूकी, इंक्रीमेंट रोकने, बार-बार नोटिस देने और सस्पेंड करने की धमकी देने का आरोप लगाया। विरोध में पेन डाउन कर काम बंद रखा। पढ़ें पूरी खबर…