July 22, 2026

CJP Protest: विश्वगुरु के टैग पर रत्ना पाठक शाह ने उठाए सवाल, छात्रों से बोलीं- इस हालत के लिए हमारी पीढ़ी जिम्मेदार! - Haribhoomi

रत्ना पाठक शाह ने CJP छात्रों के प्रदर्शन का समर्थन करते हुए शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। एकलव्य की कहानी का जिक्र कर उन्होंने युवाओं के भविष्य को लेकर चिंता जताई।

Ratna Pathak Shah On CJP Protest

रत्ना पाठक शाह ने छात्र आंदोलन का किया समर्थन

  • Published: 22 Jul 2026, 03:11 PM IST
  • Last Updated: 22 Jul 2026, 03:11 PM IST

Ratna Pathak Shah On CJP Protest: दिग्गज अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए और कहा कि युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीरता से सोचने की जरूरत है। अभिनेत्री ने अपने संदेश में एकलव्य की कहानी का उदाहरण देते हुए मौजूदा हालात पर चिंता जताई।

एकलव्य की कहानी का किया जिक्र
रत्ना पाठक शाह ने वीडियो में बताया कि बचपन में जब उन्होंने एकलव्य की कहानी सुनी थी, तो उनके मन में कई सवाल आए थे। उन्होंने कहा कि वह सोचती थीं कि आखिर ऐसा कौन सा गुरु होगा, जो अपने ही शिष्य से उसका अंगूठा मांग ले और उसके भविष्य को नुकसान पहुंचा दे। अभिनेत्री ने कहा कि आज भी युवाओं के भविष्य से जुड़ी ऐसी ही चिंताएं देखने को मिल रही हैं।

शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
रत्ना पाठक शाह ने कहा कि भारत को अक्सर 'विश्वगुरु' बनाने की बात कही जाती है, लेकिन अपने ही छात्रों की परेशानियों को समझना और उनके साथ खड़ा होना जरूरी है। उन्होंने सवाल किया कि अगर हम अपने छात्रों की समस्याओं को नहीं सुन पा रहे हैं, तो हमें खुद से पूछना चाहिए कि हम किस तरह का समाज और व्यवस्था बना रहे हैं।

युवाओं के भविष्य को लेकर जताई चिंता

अभिनेत्री ने कहा कि युवाओं से अपने भविष्य को दांव पर लगाने की उम्मीद नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो लोग सत्ता में हैं, उन्हें छात्रों की समस्याओं को सुनना चाहिए और समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह समय खुद से सवाल करने का है कि क्या हम युवाओं के साथ सही व्यवहार कर रहे हैं।

युवाओं से मांगी माफी
वीडियो में रत्ना पाठक शाह भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि उनकी पीढ़ी भी इस स्थिति के लिए जिम्मेदार है, क्योंकि समय रहते बदलाव के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने कहा कि उनकी पीढ़ी ने समस्याओं को बढ़ते हुए देखा, लेकिन उन्हें रोकने के लिए सही समय पर सही कदम नहीं उठाए। हालांकि, उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब भी छात्र उन्हें बुलाएंगे, वह उनके साथ खड़ी रहेंगी।

यह भी पढ़े- CJP प्रदर्शन के दौरान शबाना आजमी को आया अस्थमा अटैक, बोलीं- 'आंसू गैस से हुई परेशानी'