July 25, 2026

CJP प्रोटेस्ट में शामिल होने के बाद शबाना आजमी को हुआ स्वाइन फ्लू, जानें इस बीमारी के लक्षण और बचाव के उपाय

Updated: Saturday, July 25, 2026, 15:16 [IST]

Shabana Azmi Health Update: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन में शामिल होने के बाद अभिनेत्री शबाना आजमी मुंबई के शिवाजी पार्क में होने वाले अगले प्रदर्शन में भी शामिल होने वाली थीं। हालांकि, इससे पहले ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। जांच में उन्हें स्वाइन फ्लू (H1N1) होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें पांच दिन तक आइसोलेशन में रहने और पूरा आराम करने की सलाह दी है। फिलहाल वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

Shabana Azmi Swine Flu
फोटो क्रेडिट: एक्स (X)

शबाना आजमी को हुआ स्वाइन फ्लू

अभिनेत्री शबाना आजमी की टीम के मुतानिक, अभिनेत्री स्वाइन फ्लू से संक्रमित हैं। उनकी टीम की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि उन्हें 102 डिग्री तक बुखार है और डॉक्टर लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। टीम के मुताबिक, शनिवार को उनका मुंबई में छात्रों के समर्थन में आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने का कार्यक्रम था, लेकिन खराब तबीयत की वजह से उन्हें इसे रद्द करना पड़ा। चिकित्सकों ने फिलहाल उन्हें कुछ दिनों तक पूर्ण आराम करने, आइसोलेशन में रहने और सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।

जंतर-मंतर से लेकर मुंबई तक छात्रों के समर्थन में रहीं सक्रिय

बीते दिनों शबाना आजमी दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन में पहुंची थीं, जहां उन्होंने प्रदर्शनकारियों के प्रति अपना समर्थन जताया था। इसके बाद वह मुंबई में होने वाले प्रदर्शन में भी शामिल होने की तैयारी में थीं, लेकिन बीमारी की वजह से वहां नहीं पहुंच सकीं। छात्र आंदोलन के दौरान उन्होंने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी और समय-समय पर सोशल मीडिया के जरिए भी प्रदर्शन से जुड़ी जानकारी साझा करती रहीं। आंदोलन स्थल से उनकी तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए थे, जिनकी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई।

छात्र आंदोलन के दौरान आया था अस्थमा अटैक

एक इंटरव्यू में शबाना आजमी ने बताया था कि छात्र प्रदर्शन के दौरान छोड़ी गई आंसू गैस की वजह से उनकी तबीयत बिगड़ गई थी और उन्हें अस्थमा का अटैक आ गया। उन्होंने अपनी स्थिति बताते हुए कहा, "मुझे अस्थमा है और आंसू गैस की वजह से मुझे अटैक आ गया था, लेकिन मेरे पास अपना पंप था, इसलिए अब मैं ठीक हूं।" उन्होंने आगे बताया, "मुझे सम्मान के साथ पास की एक बिल्डिंग में ले जाया गया और सांस सामान्य होने के बाद, मैं तुरंत वापस गया और उन छात्रों से बात की जिन पर लाठीचार्ज हुआ था। उनका हौसला बेमिसाल है। उन सभी को मेरा सलाम।"

स्वाइन फ्लू (H1N1) के सामान्य लक्षण

तेज बुखार आना
लगातार खांसी या गले में खराश
सिरदर्द और बदन दर्द
कमजोरी और थकान महसूस होना
नाक बहना या बंद होना
कुछ मरीजों में उल्टी या दस्त की शिकायत भी हो सकती है।

स्वाइन फ्लू कैसे फैलता है?

संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से निकलने वाली बूंदों के जरिए
संक्रमित व्यक्ति के बेहद करीब रहने पर
वायरस लगी सतह को छूने के बाद बिना हाथ धोए आंख, नाक या मुंह छूने से
भीड़भाड़ वाली जगहों पर संक्रमण फैलने का खतरा अधिक रहता है।

स्वाइन फ्लू से बचाव के आसान उपाय

साबुन से बार-बार हाथ धोएं या सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें।
खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को रूमाल या टिश्यू से ढकें।
फ्लू जैसे लक्षण वाले व्यक्ति से दूरी बनाए रखें।
बुखार या फ्लू के लक्षण होने पर घर पर आराम करें और डॉक्टर की सलाह लें।
पर्याप्त नींद लें, पानी पिएं और संतुलित आहार लें ताकि रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर बनी रहे।

Disclaimer: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जानकारी और शैक्षणिक उद्देश्य के लिए है। यह किसी भी तरह की मेडिकल सलाह, जांच या इलाज का विकल्प नहीं है। किसी भी स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या या सवाल के लिए हमेशा अपने डॉक्टर या किसी योग्य व अनुभवी स्‍वास्‍थ्‍य प्रदात्ता से सलाह लें।