July 24, 2026

जंतर-मंतर पर जारी CJP प्रोटेस्ट के लिए आई विदेशी फंडिंग? केंद्र सरकार ने दिया जवाब

Jul 24, 2026 08:59 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

Jantar Mantar Sonam Wangchuk: जंतर-मंतर पर जारी आंदोलन में विदेशी फंडिंग के दावों पर विदेश मंत्रालय ने जवाब दिया है। प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि सरकार के पास अभी तक ऐसी कोई जानकारी नहीं है।

mea

विदेश मंत्रालय प्रवक्ता

दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन ने देश-दुनिया का ध्यान अपनी तरफ खींचा है। कई लोगों द्वारा इस तरीके के दावे किए जा रहे थे कि छात्रों के रूप में बैठे इन प्रदर्शनकारियों को विदेशों से भी फंडिंग आ रही है। अब इस मामले में विदेश मंत्रालय ने अपना स्टैंड साफ किया है। एमईए की तरफ से कहा गया कि अभी तक इस मामले में ऐसी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

मीडिया से बात करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि जंतर-मंतर पर जारी प्रोटेस्ट में किसी विदेशी फंडिंग की जानकारी सामने नहीं आई है। इसके साथ ही जब उनसे इस प्रोटेस्ट को लेकर पाकिस्तानी हैंडल्स की तरफ से फैलाई जा रही मिस इन्फॉर्मेशन को लेकर जानकारी मांगी गई, तो उन्होंने इसके बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, "मेरे पास अभी स मामले को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। अभी इस बात की जानकारी नहीं हैं कि पाकिस्तान की तरफ से किस तरीके का कंटेंट आ रहा है। हमारी एजेंसियां इस पर नजर रखे हुए हैं।"

पाकिस्तानियों को पसंद आ रहा भारत का प्रोटेस्ट

बता दें, हाल ही में दिल्ली पुलिस ने दावा किया था कि करीब 100 से ज्यादा पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल्स भारत में जारी प्रदर्शन में हिंसा फैलाने का प्रयास कर रहे थे। इन्हें चिह्नित करके बैन कर दिया गया है। इनके अलावा भी भारतीय जेन-जी द्वारा किया जा रहा यह प्रदर्शन पाकिस्तानी लोगों को भी बहुत पसंद आ रहा है। वह लगातार इस बात को सोशल मीडिया के माध्यम से जाहिर भी कर रहे हैं। इस समय पाकिस्तान में एक ट्रेंड चल रहा है। ‘बॉर्डर ने रोक रखा है, वरना जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे होते’

जंतर-मंतर पर जमकर आ रहा खाना

दूसरी तरफ जंतर मंतर पर खाने और पानी की कमी को देखते हुए कई लोगों ने फूड डिलेवरी एप के जरिए वहां पर खाना पहुंचाना शुरू कर दिया था। इसमें सऊदी अरब से लेकर बांग्लादेश समेत कई देशों के लोग शामिल थे। ऐसे में इन प्रदर्शनकारियों के विरोधी खेमे की तरफ से आवाज उठाई गई थी कि लोगों की भीड़ को जुटाए रखने के लिए फंडिंग के जरिए खाने की व्यवस्था की जा रही है। हालांकि, अभी तक कोई भी आधिकारिक जानकारी इस मामले पर सामने नहीं आई है।

गौरतलब है कि अभी भी जंतर मंतर पर प्रदर्शन जारी है। सोनम वांगचुक अपना अनशन तोड़कर अलग हो चुके हैं। लेकिन अभी भी कॉकरोच जनता पार्टी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ी हुई है। सीजेपी के फाउंडर अभिजित दीपके की तरफ से कहा गया है कि जब तक सरकार धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटा नहीं देती, तब तक आंदोलन खत्म नहीं होगा। आपको बता दें, इससे पहले सोनम वांगचुक और सीजेपी एक ही पक्ष में नजर आ रहे थे। लेकिन सोनम ने धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगने से इनकार करते हुए सीजेपी को झटका दिया है। करीब एक महीने तक आंदोलन का चेहरा रहे सोनम वांगचुक का इस तरह से अलग होना पार्टी के लिए एक झटका है। हालांकि, विशेषज्ञों की मानें, तो जंतर मंतर पहुंचने वाली जनता अभिजित दीपके या फिर सोनम वांगचुक के लिए नहीं बल्कि अपनी मर्जी से वहां पहुंच रही है।