October 3, 2026

CJP प्रदर्शन के आयोजकों पर केस दर्ज, मुंबई पुलिस ने 500 अज्ञात समर्थकों पर की FIR

CJP Protest: एफआईआर में CJP संस्थापक अभिजीत दीपके सहित पार्टी से जुड़े कई लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनमें अजिंक्य शिंदे, प्रणय अहिरे, आशुतोष रांका और सौरव दास सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं.

CJP Protest: एफआईआर में CJP संस्थापक अभिजीत दीपके सहित पार्टी से जुड़े कई लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनमें अजिंक्य शिंदे, प्रणय अहिरे, आशुतोष रांका और सौरव दास सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं.

author-image

New Update

CJP Protest at Jantar Mantar Day 33 Online Food Orders Keep Protesters Fueled

CJP supporters

CJP Protest: मुंबई के शिवाजी पार्क में 2 अक्टूबर को हुए सीजेपी प्रदर्शन के आयोजकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. मुंबई पुलिस के अनुसार, शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में सीजेपी प्रदर्शन के आयोजकों और 400-500 अज्ञात सीजेपी समर्थकों/प्रदर्शनकारियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन की अनुमति नहीं थी फिर भी इतनी बड़ी रैली आयोजित की गई. प्रदर्शन में प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई थी.

इन धाराओं में केस दर्ज

बता दें, शिवाजी पार्क में 2 अक्टूबर को होने वाले प्रदर्शन की अनुमति देने से पहले ही मुंबई पुलिस ने इनकार कर दिया था. मुंबई पुलिस ने बताया कि शिवाजी पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने FIR में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 189 और 223 लगाई गई हैं. ये धाराएं क्रमशः गैरकानूनी जमावड़े और लोक सेवक के आदेश की अवहेलना से संबंधित हैं. 

इस वजह से पुलिस ने नहीं दी थी अनुमति

पुलिस ने इसके पीछे शिवाजी पार्क में सभाओं को लेकर लागू प्रतिबंधों, ट्रैफिक सिस्टम, आम लोगों को होने वाली परेशानी और शोर-शराबे से जुड़ी चिंताओं का हवाला दिया था. बावजूद इसके सीजेपी की ओर से गांधी जयंती के दिन प्रदर्शन आयोजित किया गया. बता दें, सीजेपी ने प्रदर्शन को जेल भरो आंदोलन के रूप में आयोजित करने की बात की थी. शुक्रवार को शिवाजी पार्क में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे और सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाए थे. 

FIR में दीपके सहित कई नाम शामिल

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो एफआईआर में CJP संस्थापक अभिजीत दीपके सहित पार्टी से जुड़े कई लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनमें अजिंक्य शिंदे, प्रणय अहिरे, आशुतोष रांका और सौरव दास सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं. 

इससे पहले, स्थानीय निवासी और वकील सिद्धि देवलेकर ने भी शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में CJP नेताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बिना अनुमति बड़ी संख्या में लोगों के जुटने और प्रदर्शन करने का आरोप लगाया गया था.

CEC के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन

CJP का यह प्रदर्शन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर उठाए जा रहे सवालों के बीच आयोजित किया गया. प्रदर्शनकारियों ने चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की. मुंबई पुलिस ने प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई थी. शिवाजी पार्क और दादर रेलवे स्टेशन के आसपास पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी.

दिल्ली में भी दर्ज हुई FIR

CJP के प्रदर्शन को लेकर मुंबई के अलावा दिल्ली में भी पुलिस कार्रवाई हुई है. रिपोर्टों के अनुसार, दिल्ली में जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के मामले में तीन FIR दर्ज की गई हैं. वहां कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है.

हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें! विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें