July 24, 2026

Chittorgarh News: जेल के अंदर कैसे पहुंचा मोबाइल? वायरल वीडियो के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

जिला जेल चित्तौड़गढ़ के अंदर से तीन वीडियो सामने आने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। ये वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गए। इसके बाद जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ गए हैं। वायरल वीडियो में बंदी जेल परिसर में आराम से बैठे भोजन करते, नशा करते और नाचते दिखाई दे रहे हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि एक बंदी खुद सेल्फी लेते हुए वीडियो बना रहा है। जेल सूत्रों के अनुसार वीडियो में दिख रहे अधिकांश बंदी अजयराज सिंह हत्याकांड से जुड़े बताए जा रहे हैं। इनमें हिस्ट्रीशीटर भी शामिल हैं। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।



जानकारी में सामने आया कि गुरुवार शाम को चित्तौड़गढ़ जिला जेल के तीन वीडियो सामने आए हैं। वैसे तो जेल प्रशासन की ओर से सुरक्षा को लेकर लाख दावे किए जाते हैं कि निषेध सामग्री जेल में नहीं पहुंचती लेकिन ये वीडियो सामने आने के बाद जेल प्रशासन के दावों की कलाई खुल कर सामने आ गई है और जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ खड़े हुए हैं। पहले वीडियो में करीब एक दर्जन से अधिक बंदी साथ बैठकर भोजन करते नजर आ रहे हैं। दूसरे वीडियो में कुछ बंदी नशा करते दिख रहे हैं और तीसरे वीडियो में सभी बंदी एक साथ नाचते हुए दिखाई दे रहे हैं। बता दें कि चित्तौड़गढ़ जिला जेल में इससे पहले भी मोबाइल मिले हैं लेकिन जेल के भीतर एंड्रॉयड मोबाइल पहुंचना जेल की सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है।

विज्ञापन



ये भी पढ़ें: Rajasthan: विवादित टिप्पणी के बाद खाटूश्यामजी पहुंचे किरीट भाई, बाबा श्याम से मांगी माफी

विज्ञापन



गौरतलब है कि गत वर्ष 1 जून की रात को कोतवाली थाना क्षेत्र में अजयराज सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अजयराज सिंह, पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त एएसआई शिवसिंह के पुत्र थे। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे बजरी कारोबार से जुड़ा विवाद सामने आया था। इस मामले में पुलिस अब तक 32 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। सूत्रों के मुताबिक वायरल वीडियो में ईश्वरसिंह डेट, भैरूं झुण्पड़ा, हर्षवर्धन सिंह सहित अन्य आरोपी दिखाई दे रहे हैं। इनमें ईश्वरसिंह डेट और भैरूं झुण्पड़ा गंगरार थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर बताए जाते हैं।



जेल अधीक्षक नरेंद्र स्वामी ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी मिल गई है। मामले की जांच कराई जा रही है कि एंड्रॉयड मोबाइल जेल के अंदर कैसे पहुंचा। वीडियो में दिखाई दे रही कथित नशीली सामग्री की भी जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।