September 16, 2026

Chhattisgarh Seva Sankalp Abhiyan: स्वच्छता से जनभागीदारी तक, 17 सितंबर से बड़ा अभियान

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलेगा। शहर में स्वच्छता, श्रमदान, जनजागरूकता, कचरा पृथक्करण और जलस्रोत सफाई के कार्यक्रम होंगे।

रायगढ़। शहर में स्वच्छता, सेवा और नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान एवं आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में स्वच्छता, जनजागरूकता, श्रमदान, जलस्रोतों की सफाई, कचरा पृथक्करण और सफाई मित्रों के स्वास्थ्य से जुड़े कई कार्यक्रम किए जाएंगे।

अभियान की तैयारियों और अगले एक महीने की गतिविधियों की रूपरेखा को लेकर नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने निगम सभा कक्ष में अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक ली। बैठक में निगम के अधिकारी, इंजीनियर, सफाई दरोगा, सफाई सुपरवाइजर, एमआरएफ सुपरवाइजर और स्वच्छता दीदियां मौजूद रहीं। आयुक्त ने अभियान के दौरान होने वाली गतिविधियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। साथ ही अलग-अलग अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।

सिंदूर पार्क से होगा सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ

नगर निगम आयुक्त ने बताया कि 17 सितंबर को शाम 6 बजे सिंदूर पार्क में सेवा संकल्प अभियान एवं आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इसके बाद पूरे एक महीने तक अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। निगम स्तर पर कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।

आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि अभियान को सिर्फ उद्घाटन कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखना है। पूरे एक महीने तक इसे प्रभावी तरीके से चलाया जाना है। इसके लिए मैदानी अमले से लेकर अधिकारियों तक सभी को अपने दायित्व गंभीरता से निभाने होंगे।

सफाई व्यवस्था की निगरानी करेंगे अधिकारी और मैदानी अमला

बैठक में आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जिन अधिकारियों और कर्मचारियों को अभियान से संबंधित जिम्मेदारियां दी गई हैं, वे उनका समय पर और जिम्मेदारी के साथ पालन करें। सफाई दरोगा और सफाई सुपरवाइजर अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से सफाई व्यवस्था की निगरानी करेंगे। किसी तरह की लापरवाही सामने आने पर तत्काल जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

इंजीनियरों, एमआरएफ सुपरवाइजरों और स्वच्छता दीदियों को भी अपने निर्धारित दायित्वों के अनुसार सक्रियता से काम करने को कहा गया। अभियान की गतिविधियों को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए अलग-अलग विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

नागरिकों की भागीदारी से स्वच्छता अभियान को बनाया जाएगा प्रभावी

आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शहर में सेवा और स्वच्छता की भावना को मजबूत करना है। एक महीने तक चलने वाले अभियान में निगम के हर अधिकारी और कर्मचारी की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने दायित्वों को गंभीरता से निभाने के साथ नागरिकों को भी अभियान से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता और बेहतर व्यवस्था केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। अभियान के जरिए लोगों को स्वच्छता, सेवा और अपने शहर के प्रति जिम्मेदारी के लिए जागरूक और प्रेरित किया जाएगा।

सेवा संकल्प अभियान में इन तारीखों पर होंगे प्रमुख कार्यक्रम

अभियान के तहत शहर के अलग-अलग इलाकों में कई गतिविधियां प्रस्तावित हैं। कार्यक्रमों की तारीख और स्थान इस प्रकार हैं-

  • 17 सितंबर: सेंट जेवियर स्कूल बोइर दादर और पीएम श्री नटवर स्कूल में स्वच्छ पाठशाला, युवा फॉर स्वच्छता कार्यक्रम।
  • 18 सितंबर: वार्ड क्रमांक 31, पुराना सारंगढ़ बस स्टैंड में स्वच्छता लक्षित इकाइयों का समयबद्ध रूपांतरण।
  • 21 सितंबर, सुबह 8 बजे: वार्ड क्रमांक 28, एसईसीएल कयाघाट छठघाट में स्वच्छ सार्वजनिक स्थल कार्यक्रम।
  • 22 सितंबर, सुबह 8 बजे: वार्ड क्रमांक 29, कुली लाइन छठ घाट में स्वच्छ सार्वजनिक स्थल कार्यक्रम।
  • 23 सितंबर: स्वच्छता हेतु जनभागीदारी और SWM Rules 2026 के तहत घर-घर जागरूकता अभियान।
  • 24 सितंबर, सुबह 8 बजे: वार्ड क्रमांक 47, विजयपुर तालाब में स्वच्छता श्रमदान।
  • 24 सितंबर, शाम 4 बजे: संजय मार्केट में सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत जनभागीदारी कार्यक्रम।
  • 25 सितंबर, सुबह 8 बजे: नटवर स्कूल ग्राउंड में स्वच्छ पर्यटन स्थल कार्यक्रम।
  • 26 सितंबर, सुबह 8 बजे: गर्ल्स कॉलेज ग्राउंड में स्वच्छ पर्यटन स्थल कार्यक्रम।
  • 29 सितंबर, सुबह 8 बजे: वार्ड क्रमांक 10, पुष्प वाटिका मुक्तिधाम में स्वच्छता से समृद्धि कार्यक्रम।
  • 30 सितंबर, सुबह 8 बजे: वार्ड क्रमांक 1, राजीव नगर मुक्तिधाम में स्वच्छता से समृद्धि कार्यक्रम।
  • 30 सितंबर, सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक: वार्ड क्रमांक 27, नगर निगम ऑडिटोरियम और वार्ड क्रमांक 14, रामलीला मैदान में सफाई मित्र स्वास्थ्य शिविर।
  • 1 अक्टूबर, सुबह 8 बजे: वार्ड क्रमांक 19, संजय कॉम्प्लेक्स में एक दिन, एक घंटा, एक साथ एवं स्वच्छ शहर कार्यक्रम।
  • 2 अक्टूबर, सुबह 8 बजे: वार्ड क्रमांक 19, नगर पालिक निगम गार्डन में स्वच्छ भारत दिवस कार्यक्रम।
  • 5 अक्टूबर 2026, सुबह 8 बजे: वार्ड क्रमांक 34, सराईभद्दर तालाब में जल स्रोतों एवं जलाशयों की स्वच्छता।
  • 6 अक्टूबर, सुबह 8 बजे: नगर पालिका निगम कार्यालय में संस्थाओं, कार्यालयों, भवनों, स्थानीय विभागों और कार्यालय परिसरों की स्वच्छता गतिविधि।
  • 8 अक्टूबर, सुबह 8 बजे: रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान।
  • 9 अक्टूबर, सुबह 8 बजे: गीला, सूखा, सेनेटरी और स्पेशल केयर कचरे के पृथक्करण तथा होम कंपोस्टिंग के लिए घर-घर जागरूकता अभियान।
  • 9 अक्टूबर, शाम 4 बजे: वार्ड क्रमांक 18 में आरपीएफ बैरक के पास गौरीशंकर मंदिर क्षेत्र में स्रोत पृथक्करण एवं होम कंपोस्टिंग कार्यक्रम।
  • 14 अक्टूबर, दोपहर 12 बजे: ऑडिटोरियम, पंजीरी प्लांट और एमआरएफ प्लांट में नवरात्रि के अवसर पर स्वच्छ पर्व, हरित पर्व/स्वच्छ एवं हरित उत्सव से जुड़ी गतिविधियां।
  • 16 अक्टूबर, सुबह 11 बजे: नगर पालिका निगम सभा कक्ष में स्वच्छ पर्व, हरित पर्व कार्यक्रम।

नगर निगम के अनुसार इन गतिविधियों के जरिए शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के साथ लोगों को भी अभियान से सीधे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। 17 सितंबर से शुरू होने वाला यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा।