Updated: Friday, July 17, 2026, 15:36 [IST]
PM Modi Chandigarh Visit: पीएम मोदी ने शुक्रवार को 17 जुलाई को चंडीगढ़ को 4,700 करोड़ रुपये की कई योजनाओं की सौगात दी है। इस दौरान उन्होंने नए प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य केवल आधुनिक बुनियादी ढांचा तैयार करना नहीं, बल्कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य, साफ-सुथरा वातावरण भी देना है।
पीएम मोदी ने चंडीगढ़ के स्मार्ट और हाईटेक शहर के विकास पर जोर देते हुए कई महत्त्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स का भी जिक्र किया।
2014 के बाद स्वास्थ्य क्षेत्र में तेजी से बढ़ा विस्तार
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत की स्वास्थ्य व्यवस्था पहले के मुकाबले काफी मजबूत हुई है। उन्होंने बताया कि 2014 के बाद देश में 15 नए AIIMS को मंजूरी दी गई है। धानमंत्री ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए देशभर में आधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों का विस्तार किया गया है।
साथ ही आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के जरिए स्वास्थ्य व्यवस्था को गांव से बड़े शहरों तक मजबूत बनाया जा रहा है।
चंडीगढ़ बनेगा भारत का सबसे बड़ा हाईटेक शहर: PM Modi
PM मोदी ने कहा कि चंडीगढ़ का विकास NDA सरकार की प्राथमिकता रहा है। सरकार शहर को आधुनिक बनाने के लिए पिछले कुछ सालों में कई बड़े प्रोजेक्ट पूरे किए गए हैं। इनमें इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट, स्मार्ट पार्किंग सिस्टम और डिजिटल गवर्नेंस जैसी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं पर अब तक 2,500 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा चुके हैं।
साफ सुथरा शहर बनाने के लिए स्वच्छ भारत मिशन जरूरी
पीएम ने लोगों से कहा कि अच्छी सेहत के लिए सिर्फ हॉस्पिटल और मेडिकल सुविधाओं का होना ही काफी नहीं है। इसके लिए हमें स्वच्छता रखना भी उतना ही जरूरी है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत देशभर में शौचालय बनाए गए और सार्वजनिक स्थानों की सफाई में लोगों ने सहयोग दिया।
चंडीगढ़ के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
प्रधानमंत्री ने कहा कि 4,700 करोड़ रुपये की इन परियोजनाओं से चंडीगढ़ में स्वास्थ्य सेवाएं और बुनियादी ढांचा पहले से कहीं अधिक मजबूत होगा। इसके साथ ही स्मार्ट सिटी के जरिए लोगों को बेहतर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम, डिजिटल सुविधाएं और आधुनिक शहरी सेवाओं का लाभ मिलेगा। चंडीगढ़ में शुरू हुई ये नई परियोजनाएं इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी।