October 26, 2026

नए हथियार ही नहीं, पुराने सैन्य प्लेटफॉर्म भी बनेंगे ताकतवर... भारतीय सेना का क्या है मिशन CHAKRA?

भारतीय सेना अपनी मैकेनाइज्ड फोर्स यानी मशीनीकृत सैन्य ताकत को और आधुनिक बनाने की तैयारी कर रही है. इसके लिए पश्चिमी कमान 14 और 15 दिसंबर 2026 को चंडीमंदिर मिलिट्री स्टेशन में मैकेनाइजेशन टेक्नोलॉजी सेमिनार 2.0 आयोजित करेगी. इस सेमिनार की थीम है CHAKRA Transforming Existing Platforms for Future Combat, यानी मौजूदा सैन्य प्लेटफॉर्म को भविष्य के युद्ध के लिए आधुनिक बनाना.

26 अक्टूबर को नई दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर में पश्चिमी कमान के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह ने इस सेमिनार का कर्टेन रेजर लॉन्च किया. इसका आयोजन पश्चिमी कमान, सोसाइटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्युफैक्चरर्स यानी SIDM के सहयोग से कर रही है.

इस सेमिनार में भारतीय सेना, रक्षा उद्योग और शिक्षण संस्थानों के विशेषज्ञ शामिल होंगे. इसका मुख्य मकसद सेना के मौजूदा सैन्य प्लेटफॉर्म की क्षमता बढ़ाना, नई तकनीक का इस्तेमाल करना और उन्हें भविष्य के युद्ध की जरूरतों के मुताबिक तैयार करना है.

स्वदेशी तकनीक और आत्मनिर्भर भारत पर जोर

सेमिनार में सैन्य उपकरणों के आधुनिकीकरण, तकनीकी सुधार, मरम्मत और अपग्रेडेशन के साथ-साथ स्वदेशी तकनीक और आत्मनिर्भर भारत पर भी जोर दिया जाएगा. इस दौरान सेना अपनी ऑपरेशनल जरूरतों और तकनीकी कमियों की पहचान कर उनके समाधान के लिए स्पष्ट प्रस्ताव तैयार करेगी, ताकि रक्षा उद्योग इन जरूरतों के मुताबिक तकनीक और उपकरण विकसित कर सके.

भारतीय सेना का फोकस सिर्फ नए हथियार खरीदने पर नहीं, बल्कि मौजूदा सैन्य संसाधनों को आधुनिक तकनीक से लैस कर उनकी युद्ध क्षमता बढ़ाने पर भी है. इससे सेना की ऑपरेशनल तैयारी और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने में मदद मिलेगी. आगामी सेमिनार के व्यापक विजन और प्रमुख प्राथमिकताओं की जानकारी दी गई. इसमें स्वदेशी रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने के लिए आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल, नागरिक और सैन्य क्षेत्रों के बीच सहयोग तथा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया.

पुराने हथियारों में नई जान फूंकेगी भारतीय सेना

इस दौरान सेना के अधिकारियों, रक्षा उद्योग के प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और अन्य हितधारकों को मौजूदा सैन्य उपकरणों के आधुनिकीकरण, स्वदेशी तकनीकी नवाचार और बदलती सैन्य जरूरतों पर विचार-विमर्श करने का अवसर मिला.

MTS 2.0 भारतीय सेना की रक्षा क्षमताओं को बढ़ाने, तकनीकी बदलाव और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रतिबद्धता को दर्शाता है. इस सेमिनार का उद्देश्य सेना की जरूरतों के अनुरूप व्यावहारिक और प्रभावी तकनीकी समाधान विकसित करना है.

इसके जरिए सशस्त्र बलों, रक्षा उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है. साथ ही, बदलती युद्ध परिस्थितियों में मशीनीकृत सैन्य बलों की परिचालन क्षमता, अनुकूलनशीलता और युद्ध की तैयारियों को और बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.

ये भी पढ़ें-गंगा तट परभारतीयवायुसेना का शक्ति प्रदर्शन, दुश्मनों को स्पष्ट चेतावनी

अंजू निर्वाण

अंजू निर्वाण

अंजू निर्वाण भारत की लीडिंग डिफेंस पत्रकारों में से एक हैं, जो राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक मामलों पर अपनी सटीक रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जानी जाती हैं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में दो दशकों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने इंडिया टीवी, न्यूज़ 24, ज़ी न्यूज़, इंडिया न्यूज़, ईटीवी और रिपब्लिक भारत जैसे प्रमुख समाचार चैनलों में रिपोर्टर, एंकर, प्रोड्यूसर और खोजी पत्रकार के रूप में काम किया है. सितंबर 2022 से अंजू निर्वाण टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह रक्षा मामलों की कवरेज का नेतृत्व करती हैं, भारत के सैन्य आधुनिकीकरण, नौसेना की प्रगति, मिसाइल प्रणालियों और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर कवरेज करती हैं. अंजू निर्वाण ने युद्ध क्षेत्रों से रिपोर्टिंग की है, अग्रिम पंक्ति के सैन्य अभ्यासों को कवर किया है और शीर्ष रक्षा अधिकारियों के इंटरव्यू किए हैं.

Read More

google button