Shambhu Kumar
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव प्रखंड अंतर्गत सावनिया पंचायत के लागोरा गांव में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है. ग्रामीणों का कहना है कि नदी पर स्थायी पुल नहीं होने से आवागमन में परेशानी होती है, जबकि मोबाइल नेटवर्क की सुविधा नहीं मिलने से सरकारी योजनाओं के कार्यों का जियो टैग करने सहित ऑनलाइन कार्यों में भी दिक्कत आती है. जिसको लेकर ग्रामीणों की बैठक वार्ड सदस्य बिष्णु मुंडरी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई.
इसे भी पढ़ें:


बैठक में समाजसेवी लक्षुराम मुंडरी ने कहा कि लागोरा गांव के ग्रामीण वर्षों से कई मूलभूत समस्याओं का सामना कर रहे हैं. नदी पर पुल नहीं होने से बरसात के दिनों में आवागमन प्रभावित होता है और मरीजों को स्वास्थ्य केंद्र तक ले जाने में भी कठिनाई होती है. उन्होंने कहा कि गांव में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध कराना भी जरूरी है, ताकि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, ऑनलाइन कार्यों और आपातकालीन संचार में परेशानी न हो.
उन्होंने कहा कि गांव के विकास के लिए केवल सड़क और पुल ही नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार, सिंचाई सुविधा का विस्तार और कृषि एवं लाह उत्पादन को बढ़ावा देना भी आवश्यक है. ग्रामीणों की आजीविका खेती-बाड़ी, वन उपज और लाह उत्पादन पर निर्भर है. यदि किसानों को सिंचाई, कृषि उपकरण, तकनीकी मार्गदर्शन और बाजार की बेहतर सुविधा मिले तो उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो सकता है.
लक्षुराम मुंडरी ने युवाओं के लिए कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि गांव के बच्चों और युवाओं को बेहतर शिक्षा एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण मिलने से पलायन कम करने में मदद मिलेगी. उन्होंने प्रशासन से ग्रामीणों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने की मांग की.
ग्रामीणों ने भी नदी पर स्थायी पुल निर्माण, मोबाइल नेटवर्क की सुविधा, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, सिंचाई सुविधा के विस्तार, कृषि एवं लाह उत्पादन को बढ़ावा देने तथा युवाओं के लिए कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि इन समस्याओं का समाधान होने से लागोरा गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में बड़ी मदद मिलेगी. इस मौके पर सिकंदर मुंडरी,मोहन मुंडरी, गोनेस मुंडरी, गोपाल मुंडरी, नमन मुंडरी और काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.