Published: Sunday, August 9, 2026, 14:14 [IST]
Ayodhya Ram Mandir Trust CEO: अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के CEO की नियुक्ति प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। CEO पद के लिए महज पांच दिनों में 5,300 से ज्यादा आवेदन मिलने के बाद स्क्रीनिंग के दो दौर में 18 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। इन उम्मीदवारों का 11 और 12 अगस्त को रामजन्मभूमि परिसर में अंतिम साक्षात्कार होगा। तीन सदस्यीय चयन समिति इंटरव्यू के बाद तीन नामों का पैनल तैयार करेगी।
इसके बाद 2 सितंबर को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में CEO के नाम पर अंतिम फैसला होने की संभावना है। मंदिर की व्यवस्थाओं और दान से जुड़ी निगरानी को मजबूत करने के लिए यह नियुक्ति अहम मानी जा रही है।
5300 आवेदनों में से 54 उम्मीदवार हुए शॉर्टलिस्ट
राम मंदिर ट्रस्ट के CEO पद के लिए 13 जुलाई को आवेदन मांगे गए थे और 18 जुलाई तक आवेदन की अंतिम तारीख थी। सिर्फ पांच दिनों में 5,300 से अधिक आवेदन ट्रस्ट को मिले। आवेदनों की प्राथमिक स्क्रीनिंग के बाद 54 उम्मीदवारों को आगे की प्रक्रिया के लिए चुना गया। इसके बाद दूसरी स्क्रीनिंग में इन 54 उम्मीदवारों में से 18 नामों को अंतिम साक्षात्कार के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है।
ये भी पढे़ं: कौन हैं EX-IPS अमिताभ ठाकुर? राम मंदिर CEO के लिए किया अप्लाई, योगी-अखिलेश समेत 4 CM से ले चुके हैं टक्कर
11 और 12 अगस्त को होगा अंतिम इंटरव्यू
शॉर्टलिस्ट किए गए 18 उम्मीदवारों को अब अयोध्या बुलाया गया है। जानकारी के मुताबिक, 11 और 12 अगस्त को रामजन्मभूमि परिसर में इन सभी उम्मीदवारों का अंतिम साक्षात्कार होगा। तीन सदस्यीय चयन समिति उम्मीदवारों की योग्यता, अनुभव और प्रशासनिक क्षमता का आकलन करेगी। इंटरव्यू पूरा होने के बाद समिति तीन उम्मीदवारों का पैनल तैयार करेगी, जिसमें से CEO के लिए नाम तय किया जाएगा।
तीन सदस्यीय समिति करेगी CEO का चयन
राम मंदिर ट्रस्ट ने CEO के चयन के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है। इसकी अध्यक्षता सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली कर रहे हैं। समिति में डॉ. सुरेश हावड़े और सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी भी शामिल हैं। यही समिति 18 शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों का अंतिम इंटरव्यू लेगी और इसके बाद ट्रस्ट के सामने तीन नामों का पैनल रखेगी।
2 सितंबर की बैठक में लग सकती है अंतिम मुहर
अंतिम साक्षात्कार के बाद तैयार किए गए तीन नामों के पैनल पर ट्रस्ट की बैठक में चर्चा होगी। 2 सितंबर को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में CEO के नाम पर अंतिम मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अंतिम फैसला ट्रस्ट ही करेगा। ऐसे में 11-12 अगस्त के इंटरव्यू के बाद यह साफ हो जाएगा कि CEO पद की दौड़ में कौन से उम्मीदवार सबसे आगे हैं।
ये भी पढ़ें: राम मंदिर की CEO बन सकती है महिला? 30 दिन में हो जाएगा फैसला, ट्रस्ट के नए फैसले से देश भर में हलचल
दानपात्र में चोरी के बाद बढ़ी CEO की जरूरत
राम मंदिर में दानपात्रों की धनराशि की गणना के दौरान चोरी का मामला सामने आने के बाद CEO की नियुक्ति को अहम माना जा रहा है। मंदिर की बढ़ती गतिविधियों और प्रशासनिक व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए ट्रस्ट ने CEO नियुक्त करने का फैसला लिया है। माना जा रहा है कि सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त अनुभवी प्रशासनिक अधिकारी को इस पद की जिम्मेदारी मिल सकती है।