July 12, 2026

बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी: CCTV और कॉल रिकॉर्ड से खुलेगा राज, SIT खंगाल रही संदिग्ध कर्मचारी की कुंडली

उत्तराखंड के प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले की जांच तेज हो गई है. स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) शनिवार (11 जुलाई) को मंदिर पहुंची. इस दौरान नए सबूत खंगाले गए. इसमें CCTV फुटेज और आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल के कॉल रिकॉर्ड भी शामिल हैं. जिसे मामला सामने आने के बाद निलंबित कर दिया गया था.

पुलिस के मुताबिक CCTV फुटेज में निलंबित बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को मंदिर के दान-गणना कक्ष से नकदी, सोने-चांदी के सिक्के, शालिग्राम पत्थर और चढ़ावा के लिफाफे संदिग्ध रूप से छिपाते या चुराते हुए देखा गया है.

CCTV कैद हुई वारदात

पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रमोद नौटियाल दान गिनती कक्ष और अपने ऑफिस के बीच कई बार आते-जाते दिख रहा है. इसी से जांचकर्ताओं को शक है कि चोरी की गई चीजें ऑफिस में छिपाई जा रही थीं.पुलिस ने कहा कि आरोपी प्रमोद नौटियाल को 500 और 100 रुपए के नोटों की गड्डियों के साथ सोने-चांदी के सिक्के, शालिग्राम पत्थर और 10 से 12 हजार रुपए वाले चढ़ावा के लिफाफे छिपाते हुए देखा गया. इस दौरान वो 2 से 3 बार गिनती कक्ष और अपने ऑफिस के बीच आया-गया. पुलिस को शक है कि गिनती कक्ष से पैसे, सोने-चांदी के सिक्के चुराने के बाद वो उन्हें अपने ऑफिस में रखता था. 2 जुलाई के CCTV फुटेज में यह पूरी गतिविधि कैद हुई है.

निलंबित कर्मचारी के कॉल डिटेल की जांच शुरू

SIT ने अब जांच का दायरा बढ़ाते हुए अन्य तारीखों के CCTV फुटेज और निलंबित कर्मचारी के कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने बताया कि इसी आधार पर SIT अब 25 और 29 जून के CCTV फुटेज भी स्कैन कर रही है. इसके साथ ही नौटियाल के कॉल रिकॉर्ड की भी जांच शुरू कर दी गई है.

प्रक्रिया का उल्लंघन कर गिनती क्षेत्र से नकदी निकाली गई

यह जांच 2 जुलाई को बद्रीनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए नकद दान की गिनती के दौरान पकड़ी गई अनियमितताओं के बाद शुरू हुई. प्रारंभिक जांच में पाया गया कि तय प्रक्रिया का उल्लंघन कर गिनती क्षेत्र से नकदी निकाली गई थी. इस मामले में BKTC के प्रभारी मंदिर अधिकारी युधवीर पुष्पवान की शिकायत पर बद्रीनाथ थाने में FIR दर्ज की गई. SIT ने उनका बयान भी दर्ज किया. जांच के दौरान CCTV कंट्रोल अधिकारी पंवार और दान गिनती के समय मौजूद रहे हरेंद्र कोठारी समेत अन्य BKTC अधिकारियों के बयान भी लिए गए.

निलंबन कर्मचारी ने FIR को दी चुनौती

इस बीच प्रमोद नौटियाल ने अपने निलंबन और अपने खिलाफ दर्ज FIR को चुनौती देते हुए उत्तराखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की. मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति आलोक मेहरा ने की और BKTC को अपना जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए. मामले की अगली सुनवाई 16 जुलाई को होगी.

फिलहाल इस मामले की जांच 4 अलग-अलग स्तरों पर चल रही है. पुलिस और SIT के अलावा BKTC की विभागीय जांच समिति और गढ़वाल आयुक्त की अध्यक्षता वाली एक उच्च स्तरीय समिति भी जांच कर रही है. धाम में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में गड़बड़ी का यह मामला सामने आने के बाद मंदिर समिति की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं.

जूही उरूषा खान

जूही उरूषा खान

जूही उरूषा खान पिछले 12 साल से पत्रकारिता से जुड़ी हुई हैं. भोपाल के माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय से फिल्म जर्नलिज्म की पढ़ाई की. इसके बाद दिल्ली आकर BAG में एंटरटेनमेंट बीट पर इंटर्नशिप की. बाद में CNEB न्यूज चैनल में एंटरटेनमेंट बीट में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया, साथ ही प्रोग्रामिंग को भी देखा.<p></p>CNEB के बाद VOICE OF INDIA में  एंटरटेनमेंट बीट पर बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर काम करना शुरू किया. यहां से फिर जनसंदेश न्यूज चैनल के साथ जुड़ीं और प्रोग्रामिंग में काम किया. इसके बाद 4 REAL NEWS चैनल में करीब चार साल न्यूज के साथ ही प्रोग्रामिंग और धार्मिक शोज पर काम किया.<p></p>यहां से राज्यसभा टीवी का रुख किया और प्रोग्रामिंग में काम किया. इसके साथ ही एंकरिंग करना भी शुरू की. इसके बाद सूर्या समाचार में प्रोग्रामिंग में एंटरटेनमेंट बीट पर बतौर प्रोड्यूसर काम किया.<p></p>जी बिहार झारखंड में भी काम करने का अनुभव है. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष से जुड़ी हुई हैं.

Read More

google button