September 7, 2026

धूल का गुबार, भागते लोग और चीख-पुकार! सत्य निकेतन हादसे का दिल दहला देने वाला CCTV वीडियो आया सामने

Time Updated: Monday, September 7, 2026, 10:29 [IST]

Delhi Satya Niketan Building Collapse: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर अचानक एक इमारत भरभराकर गिर गई। यह बिल्डिंग पीजी हॉस्टल के तौर पर इस्तेमाल हो रही थी, जिसमें आसपास पढ़ाई करने वाले छात्र रहते थे। हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। अब तक 12 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है, जिनमें 6 की मौत हो चुकी है।

कई घायल छात्रों को दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद अब बिल्डिंग गिरने का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ ही सेकंड में पूरी इमारत मलबे में तब्दील होती दिखाई दे रही है।

Satya Niketan Building Collapse

बिल्डिंग गिरने का पहला VIDEO आया सामने

सत्य निकेतन में हुए इस हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिखाई देता है कि इमारत अचानक भरभराकर नीचे गिर जाती है। बिल्डिंग गिरते ही पूरे इलाके में धूल का गुबार फैल जाता है। आसपास मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आते हैं। हादसे के बाद सड़क पर मलबा ही मलबा दिखाई देने लगा। यह वीडियो हादसे की भयावहता को साफ दिखाता है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली में पढ़ाई करने आए छात्रों के सिर पर मंडरा रही मौत? सत्या निकेतन हादसे के पीछे का खौफनाक सच!

मलबे में दबे छात्रों ने फोन कर मांगी मदद

हादसे के बाद मलबे में फंसे कुछ छात्रों ने अपने मोबाइल फोन से बाहर मौजूद लोगों को कॉल किया। उन्होंने मदद की गुहार लगाई। इसके बाद रेस्क्यू टीमों ने मलबे में दबे लोगों तक पहुंचने के लिए तेजी से काम शुरू किया। कई घंटे तक चले अभियान में लोगों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल छात्रों को इलाज के लिए एम्स भेजा गया है।

70 जवानों के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

मलबे में अभी भी किसी के फंसे होने की आशंका को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। NDRF की दो टीमें करीब 70 कर्मियों के साथ मौके पर मौजूद हैं। इनके साथ डॉग स्क्वॉड भी मलबे में जीवित लोगों की तलाश कर रहा है। दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग, DDMA, नगर निगम और सिविल डिफेंस की टीमें भी बचाव अभियान में जुटी हैं।

मलबे के नीचे पहुंचाए गए ऑक्सीजन सिलेंडर

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मलबे के नीचे फंसे लोगों की जिंदगी बचाने के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर भी पहुंचाए गए हैं। NDRF अधिकारियों के मुताबिक, अगर कोई व्यक्ति मलबे के अंदर जीवित है तो उसे सांस लेने में परेशानी न हो, इसके लिए ऑक्सीजन उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है। दमकल की कई गाड़ियां भी मौके पर तैनात हैं और मलबा हटाने का काम जारी है।

ये भी पढे़ं: छात्रों की बल्ले-बल्ले! 11 सितंबर को दिल्ली में छुट्टी का ऐलान, लगातार 3 दिन बंद रहेंगे स्कूल, क्या है वजह?

बिल्डिंग मालिक पर गैर-इरादतन हत्या का केस

हादसे के बाद दिल्ली पुलिस ने बिल्डिंग मालिक हरिराम और अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों पर गैर-इरादतन हत्या, इमारत के रखरखाव में लापरवाही और लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालने से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। बताया गया है कि भूतल पर मरम्मत का काम चल रहा था और इसी दौरान इमारत ढह गई। आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हैं।