July 24, 2026

जंतर-मंतर पर आया हैकर, CBSE की पोल खोलने वाले निसर्ग अधिकारी भी पहुंचे धरना देने

Jul 24, 2026 11:28 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली

Follow us on Google News

share

जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के पहुंचने का सिलसिला थम नहीं रहा है। इस बीच एक नया शख्स भी वहां पर पहुंच गया है। इस शख्स का नाम है निसर्ग अधिकारी। बता दें कि निसर्ग अधिकारी एक हैकर हैं, जिन्होंने सीबीएसई के एग्जाम पोर्टल की पोल खोली थी।

Nisarga Adhikary The Hacker Joins CJP Protest at Jantar Mantar exposed CBSE exam portal

Nisarga Adhikary The Hacker Joins CJP Protest at Jantar Mantar exposed CBSE exam portal

जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के पहुंचने का सिलसिला थम नहीं रहा है। इस बीच एक नया शख्स भी वहां पर पहुंच गया है। इस शख्स का नाम है निसर्ग अधिकारी। बता दें कि निसर्ग अधिकारी एक हैकर हैं, जिन्होंने सीबीएसई के एग्जाम पोर्टल की पोल खोली थी। निसर्ग ने एक्स पर कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके और एनसीपी (शरद पवार) के प्रवक्ता अनीस गवांडे के साथ एक फोटो पोस्ट की है। उन्होंने लिखा कि यहां पर एनर्जी लेवल शानदार है। निसर्ग के वहां पहुंचते ही जेन समर्थक काफी ज्यादा उत्साहित हो गए हैं। गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन सातवें हफ्ते में पहुंच चुका है। इस बीच सरकार कॉकरोच पार्टी के साथ लगातार बातचीत कर रही है। शुक्रवार को इस बातचीत का एक नया दौर भी हुआ। हालांकि अभी भी बात शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अटकी हुई है।

कैसे चर्चा में आए थे निसर्ग

निसर्ग अधिकारी उस समय चर्चा में आए थे, जब उन्होंने सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली में कथित सुरक्षा खामियों को उजागर किया था। इस प्रणाली का उपयोग बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के डिजिटल मूल्यांकन के लिए किया जाता है। उन्होंने दावा किया था कि प्लेटफॉर्म की एक्सेस कंट्रोल, पासवर्ड प्रबंधन और सत्यापन प्रणाली में कुछ कमजोरियां हैं। उनके दावों के बाद साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में व्यापक चर्चा शुरू हुई और प्रणाली की सुरक्षा की समीक्षा की गई। हालांकि, सीबीएसई ने स्पष्ट किया था कि ये कमजोरियां केवल परीक्षण वातावरण तक सीमित थीं और इससे वास्तविक मूल्यांकन प्रणाली प्रभावित नहीं हुई थी।

आईआईटी में नौकरी

इसके बाद निसर्ग अधिकारी को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)-कानपुर के साइबर सुरक्षा केंद्र में नियुक्त किया गया है। हाल ही में कक्षा 12 की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले निसर्ग अधिकारी को अनुबंध के आधार पर आईआईटी कानपुर के साइबर सुरक्षा एवं साइबर रक्षा नवाचार केंद्र (सी3आईहब) में ओएसआईएनटी (ओपन सोर्स इंटेलिजेंस) एवं इंटेलिजेंस इंजीनियर के रूप में शामिल किया गया है। यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब शिक्षा और शासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं।

नई भूमिका पर क्या बोले निसर्ग

अपनी नई भूमिका के बारे में निसर्ग अधिकारी ने कहा कि यह किसी समर्पित साइबर सुरक्षा वातावरण में उनका पहला पूर्णकालिक अवसर है। निसर्ग ने कहाकि अब तक मैं मुख्य रूप से सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम करता रहा हूं, जबकि साइबर सुरक्षा मेरे लिए जुनून का विषय रही है। उन्होंने बताया कि इससे पहले वह स्टार्टअप कंपनियों और विदेश स्थित संस्थाओं के साथ भी काम कर चुके हैं। वेतन संबंधी प्रश्न पर उन्होंने कहाकि हालांकि पारिश्रमिक संतोषजनक है, लेकिन अमेरिकी कंपनियों के साथ काम करने पर डॉलर में भुगतान होने के कारण आर्थिक लाभ अधिक होता है।

जंतर-मंतर पर क्या हालात

पेपर लीक के खिलाफ कड़े प्रावधान वाला विधेयक संसद में पेश किए जाने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की घोषणा के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उन पर निशाना साधते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग की। सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने प्रधानमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहाकि मोदी जी, कल धर्मेंद्र प्रधान को हटा दीजिए। यह आपके द्वारा की जा सकने वाली सबसे सख्त कार्रवाई होगी। वहीं, पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी प्रधानमंत्री की घोषणा पर कटाक्ष किया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें एक व्यक्ति बिना चारदीवारी वाले परिसर का प्रवेश द्वार बंद करता नजर आ रहा है। इस तस्वीर को प्रस्तावित कानून पर कटाक्ष के रूप में देखा जा रहा है।