केंद्र सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी मंदीप के भंडारी को सीबीएसई का नया चेयरपर्सन नियुक्त किया है. 2001 बैच के आईएएस भंडारी फिलहाल जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के प्रधान सचिव हैं. उनके अलावा कई वरिष्ठ अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं.
X

मंदीप भंडारी 2001 बैच के एजीएमयूटी कैडर के आईएएस अधिकारी हैं. (File Photo- Social Media)
केंद्र सरकार ने शुक्रवार को कई वरिष्ठ अधिकारियों के विभाग बदल दिए. इसी फेरबदल के तहत मंदीप के भंडारी को सीबीएसई का नया चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है. कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने भंडारी की नियुक्ति को मंजूरी दी है. 2001 बैच के एजीएमयूटी कैडर के आईएएस अधिकारी भंडारी फिलहाल जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के प्रधान सचिव के तौर पर काम कर रहे हैं.
इससे पहले वरिष्ठ आईएएस अधिकारी लोखंडे प्रशांत सीताराम के पास सीबीएसई चेयरपर्सन का अतिरिक्त प्रभार था. सीताराम को इस साल 2 जुलाई को केंद्रीय गृह मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया था और उन्हें सीबीएसई चेयरपर्सन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था. वह 2 जून को सीबीएसई प्रमुख बनाए गए थे. इससे पहले के चेयरपर्सन को ऑन-स्क्रीन मार्किंग व्यवस्था से जुड़े विवाद के बीच पद से हटा दिया गया था.
इन अफसरों को भी मिली नई जिम्मेदारी
सम्बंधित ख़बरें
केंद्र सरकार के इस फेरबदल में कई और वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है. एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन विपिन कुमार को ग्रामीण विकास विभाग में अतिरिक्त सचिव बनाया गया है. हाइड्रोकार्बन महानिदेशालय के महानिदेशक श्रीकांत नागुलापल्ली अब व्यय विभाग में अतिरिक्त सचिव होंगे. वहीं कर्नाटक कैडर के 2000 बैच के आईएएस अधिकारी वी. पोनुराज को नया हाइड्रोकार्बन महानिदेशक बनाया गया है.
सरिता चौहान चंद को इस्पात मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव और वित्तीय सलाहकार की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं आनंद सिंह को आर्थिक मामलों के विभाग में अतिरिक्त सचिव बनाया गया है. इसके अलावा पी. हेमलता को कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, पीयूष सिंह को बिजली मंत्रालय और अंकिता मिश्रा बुंदेला को उच्च शिक्षा विभाग में अतिरिक्त सचिव बनाया गया है. मनीषा सेनसरमा को कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव की जिम्मेदारी दी गई है.
---- समाप्त ----
ये भी देखें
