July 28, 2026

Car Care Tips: बारिश के मौसम में कार को सुरक्षित और साफ रखेंगी ये जरूरी एक्सेसरीज, डिटेल - Haribhoomi

Car Care Tips: बारिश में विंडशील्ड पर पानी की बूंदें, शीशों पर फॉग और कार के अंदर पानी या कीचड़ जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। कुछ कार एक्सेसरीज की मदद से छुटकारा पाया जा सकता है।

Car Care Tips

कार को सुरक्षित और साफ रखेंगी ये जरूरी एक्सेसरीज

  • Published: 28 Jul 2026, 06:11 PM IST
  • Last Updated: 28 Jul 2026, 06:11 PM IST

Car Care Tips: मानसून के दौरान कार चलाते समय कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। तेज बारिश में विंडशील्ड पर पानी की बूंदें जमना, शीशों पर फॉग आना और कार के अंदर मिट्टी या पानी जमा होना आम समस्या है। इससे न सिर्फ कार की खूबसूरती प्रभावित होती है, बल्कि विजिबिलिटी कम होने के कारण ड्राइविंग के दौरान जोखिम भी बढ़ जाता है। ऐसे में कुछ जरूरी और बजट-फ्रेंडली कार एक्सेसरीज की मदद से आप बारिश के मौसम में अपनी कार को साफ रखने के साथ-साथ सुरक्षित ड्राइविंग का अनुभव भी ले सकते हैं।

1. हाई-प्रेशर वाटर स्प्रे
बारिश के दौरान कार की बॉडी पर कीचड़ और गंदगी तेजी से जमा हो जाती है। ऐसे में हाई-प्रेशर वाटर स्प्रे की मदद से कार की बाहरी सतह को आसानी से साफ किया जा सकता है। तेज पानी के दबाव से जमी हुई गंदगी जल्दी हट जाती है और कार साफ बनी रहती है।

2. कार वाइपर डिटर्जेंट टैबलेट
बारिश में साफ विंडशील्ड के लिए वाइपर वॉटर टैंक में डिटर्जेंट टैबलेट का इस्तेमाल किया जा सकता है। यह शीशे पर जमी धूल और गंदगी को हटाने में मदद करता है, जिससे ड्राइविंग के दौरान विजिबिलिटी बेहतर बनी रहती है।

3. वाटर रिपेलेंट (Rain Repellent)
रेन रिपेलेंट विंडशील्ड पर एक सुरक्षात्मक लेयर बना देता है, जिससे पानी की बूंदें शीशे पर ज्यादा देर तक नहीं टिकतीं। इससे बारिश के दौरान सामने का दृश्य साफ दिखाई देता है और कई बार वाइपर के ज्यादा इस्तेमाल की जरूरत भी नहीं पड़ती।

4. एंटी-रेन वाटरप्रूफ फिल्म
एंटी-रेन फिल्म कार के शीशों पर पानी को जमने से रोकती है। यह खासतौर पर साइड और रियर ग्लास पर विजिबिलिटी बेहतर बनाए रखने में मदद करती है। इसका इस्तेमाल कुछ मामलों में हेलमेट वाइजर पर भी किया जा सकता है।

5. एंटी-फॉग स्प्रे
बारिश के मौसम में कार के अंदर और बाहर के तापमान में अंतर के कारण शीशों पर धुंध जम जाती है। एंटी-फॉग स्प्रे विंडशील्ड और विंडो पर फॉग बनने से रोकता है, जिससे ड्राइविंग के दौरान साफ दृश्य मिलता है और सुरक्षा बढ़ती है।

अन्य जरूरी कार एक्सेसरीज
इनके अलावा बारिश के मौसम में कार में कुछ और उपयोगी एक्सेसरीज रखना फायदेमंद हो सकता है। इनमें एंटी-रेन वाटरप्रूफ फिल्म, ORVM कवर, वायरलेस डोर वार्निंग लाइट, वाटरप्रूफ सीट कवर, रबर फ्लोर मैट, टॉर्च, इमरजेंसी किट और पोर्टेबल एयर पंप (टायर इन्फ्लेटर) शामिल हैं। ये एक्सेसरीज खराब मौसम में कार की सुरक्षा और सुविधा दोनों को बेहतर बनाने में मदद करती हैं।

(मंजू कुमारी)