
अग्निवीर Image Credit source: Getty Images
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कल मंगलवार को लोकसभा को बताया कि पूर्व अग्निवीरों को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (Central Armed Police Forces, CAPFs) और असम राइफल्स में कॉन्स्टेबल (जनरल ड्यूटी) और राइफलमैन के पदों पर 50 फीसदी आरक्षण मिलेगा. साथ ही सरकार ने इस सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए ‘पूर्व-अग्निवीर’ नाम से नई कैटेगरी बनाई है.
एक लिखित सवाल के जवाब में, गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि सरकार की ओर से इन पदों पर भर्ती के लिए ‘पूर्व-अग्निवीर’ नाम की एक नई कैटेगरी बनाई गई है. इसमें 50 फीसदी वैकेंसी का प्रावधान रखा गया है, साथ ही तय अधिकतम उम्र सीमा में 3 साल की छूट और पूर्व-अग्निवीरों के पहले बैच के उम्मीदवारों के लिए तय उम्र सीमा से 5 साल की अतिरिक्त छूट भी दी गई है.
PST, PET और लिखित परीक्षा से छूट
इसके अलावा, उन्होंने कहा कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में कॉन्स्टेबल (जनरल ड्यूटी) और राइफलमैन पदों के लिए आवेदन करने वाले पूर्व-अग्निवीरों को फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (Physical Standards Test, PST), फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (Physical Efficiency Test, PET) और लिखित परीक्षा से छूट दी जाएगी.
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री राय ने कहा, “पूर्व-अग्निवीरों की आगे की प्रगति में तालमेल बिठाने के लिए गृह मंत्रालय के तहत ‘पूर्व-अग्निवीर विंग’ (Ex-Agniveer Wing) नाम से एक स्पेशल विंग बनाया गया है.” खास बात यह है कि अग्निवीरों के पहले बैच ने अभी अपना 4 साल का कार्यकाल पूरा नहीं किया है.
पिछले साल CRPF ने किया था बदलाव
गृह मंत्रालय ने दिसंबर 2025 में एक नोटिफिकेशन जारी करके बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स, जनरल ड्यूटी कैडर (नॉन-गजेटेड) भर्ती नियम, 2015 (Border Security Force, General Duty Cadre (Non-Gazetted) Recruitment Rules, 2015) में अहम बदलाव किया था, जिससे कॉन्स्टेबल (जनरल ड्यूटी) पदों पर पूर्व-अग्निवीरों का कोटा 10 फीसदी से बढ़ाकर 50 फीसदी किया जा सके.
जारी नोटिफिकेशन में यह भी कहा गया था, “सीधी भर्ती (50 फीसदी सहित) के जरिए, हर भर्ती साल में पूर्व-अग्निवीरों के लिए वैकेंसी आरक्षित की जाएंगी. साथ ही पूर्व-सैनिकों के लिए 10% और कॉम्बैटाइज्ड कॉन्स्टेबल (ट्रेड्समैन) के लिए सालाना वैकेंसी का 3 फीसदी तक हिस्सा आरक्षित होगा.” सीआरपीएफ ने पिछले साल मई में भर्ती नियमों में इसी तरह का बदलाव किया था. अग्निवीर योजना को केंद्र सरकार की ओर से 14 जून 2022 को लॉन्च की गई थी.

सुरेन्द्र कुमार वर्मा
पत्रकारिता जगत में पिछले डेढ़ दशक से भी लंबे समय से सक्रिय हूं. अखबारों की दुनिया से होते हुए मैं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आया. अभी टीवी9 भारतवर्ष के साथ जुड़ा हुआ हूं. शुरुआत हरिभूमि के साथ की. फिर दैनिक जागरण गया और इसके बाद जागरण.कॉम के जरिए डिजिटल की दुनिया में आया. यहां से मैं अमर उजाला की डिजिटल टीम के साथ जुड़ा रहा. फिर इंडिया टुडे ग्रुप से नाता जुड़ा. न्यूजफ्लिक्स में रहने के बाद आजतक डॉट इन में आया. इंडिया टुडे ग्रुप में 5 साल तक रहने के बाद इसे अलविदा कहा. फिर अपना कारवां टीवी9 के साथ जुड़ गया. अभी टीवी9 के साथ पत्रकारिता के लिए अपनी सेवाएं दे रहा हूं. मैं राजनीति, खेल और मनोरंजन समेत लगभग हर विधा में लिखता हूं. सोशल मीडिया पर 50-50 का नाता है. फेसबुक पर ज्यादा जाना नहीं हो पाता है, लेकिन पहले ट्विटर और अब X पर सक्रिय रहता हूं. परवरिश गोरखपुर में हुई, लेकिन कर्मस्थली अभी नोएडा बना हुआ है.
Read More