लुधियाना में पुलिस चौकी बसंत एवेन्यू के बाहर एक महिला ने हंगामा कर दिया। महिला का अपने पति के साथ करीब एक साल से विवाद चल रहा है। महिला का आरोप है कि उसके पति ने अपनी मां के साथ मिलकर उस मकान को बेच दिया, जिसमें वह रह रही थी।
.
जब वह काम से वापस घर पहुंची तो वहां नए मालिकों को देखकर परेशान हो गई। इसके बाद उसने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मंगलवार देर रात उसने पुलिस चौकी बसंत एवेन्यू पहुंचकर शिकायत दी और थाने के बाह ही बैठ गई।

पुलिस कर्मचारियों द्वारा कार्रवाई न करने पर बहस करती तनवी।

CA तनवी अपने घर में दाखिल होकर वीडियो बनाते हुए।
अब विस्तार से पढ़ें पूरा मामला…
- नौकरी छोड़ने के लिए कहता है पति: महिला की पहचान CA तनवी गुप्ता निवासी मास्टर कॉलोनी, जैन मंदिर रोड के रूप में हुई है। तनवी के मुताबिक, उसकी शादी करीब 9 साल पहले हुई थी। उसका 8 साल का बेटा भी है। तनवी का आरोप है कि उसकी सास को उसका नौकरी करना पसंद नहीं है। पति भी उसे नौकरी छोड़ने के लिए कहता है।
- दफ्तर से देर होने पर विवाद, मारपीट का आरोप: तनवी ने आरोप लगाया कि कई बार दफ्तर के काम के चलते उसे घर पहुंचने में आधा से पौना घंटा देरी हो जाती थी। इस बात को लेकर पति और सास उसके साथ गाली-गलौज करते थे। महिला का आरोप है कि उसका पति कई बार उसके साथ मारपीट भी कर चुका है।
- घर पहुंची तो ताला लगा था, सामान बिखरा मिला: तनवी के मुताबिक उसे धोखे से घर से बाहर निकालने की कई बार कोशिश की गई। उसने कोर्ट में भी याचिका दायर कर रखी है। मंगलवार रात जब वह काम से वापस घर पहुंची तो मकान पर ताला लगा हुआ था। घर के अंदर उसकी अलमारी और सामान भी इधर-उधर किया गया था।
- पुलिस को लिखित बयान देने की बात कही: तनवी ने कहा कि उसमें कीमती सामान, सोना, चांदी और पढ़ाई से जुड़े जरूरी दस्तावेज रखे थे। इसके बाद उसने 112 पर कॉल की। सूचना मिलने पर पीसीआर टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के सामने उसके पति ने थाने आकर लिखित बयान देने की बात कही, लेकिन वह पुलिस चौकी नहीं पहुंचा।
- दीवार फांदकर घर में दाखिल हुई: इसके बाद तनवी देर रात तक पुलिस चौकी के बाहर बैठी रही। करीब 1 बजे तक कोई समाधान नहीं होने और सिर पर छत न होने के कारण उसने घर की दीवार फांदकर अंदर जाने का फैसला किया। महिला का कहना है कि घर के प्रांगण में बैठकर उसने रात बिताई।
महिला बोली- मेरी जान को खतरा तनवी ने कहा कि यदि उसके पति या सास को उससे कोई परेशानी है तो वे उसके माता-पिता से बात करें। उसके साथ मारपीट या गाली-गलौज न की जाए। महिला का आरोप है कि अब उसका पति कुछ लोगों को साथ लेकर घर के बाहर चक्कर लगा रहा है। उसने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा और मामले में कार्रवाई की मांग की है।
पति बोला- जल्द लिखित में अपना पक्ष देंगे महिला के पति से जब बातचीत की गई तो उसने कहा कि वह जल्द लिखित में अपना पक्ष देंगे। उनका पक्ष आने के बाद प्रकाशित किया जाएगा। इस मामले में बसंत एवेन्यू पुलिस चौकी से पुलिस का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।