September 27, 2026

दो महीने से सैलरी अटकी, कर्मचारी परेशान: एमजीएम से जुड़े अस्पतालों में BVG कर्मचारियों का प्रदर्शन, बोले- किराए से रह रहे, घर चलाना मुश्किल - Indore News

इंदौर6 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

एमजीएम मेडिकल कॉलेज से जुड़े अस्पतालों में काम करने वाले BVG कंपनी के आउटसोर्स कर्मचारियों की सैलरी अटकने से आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें करीब दो महीने से वेतन नहीं मिला है।

वहीं जिन कर्मचारियों के खाते में भुगतान आया भी है, उनका आरोप है कि पूरी सैलरी के बजाय 4 से 5 हजार रुपए कम दिए गए हैं। सैलरी नहीं मिलने से परेशान कर्मचारी कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वे कम वेतन में परिवार का खर्च चलाते हैं।

किसी के घर में छोटे बच्चे हैं तो कोई किराए के कमरे में रहता है। ऐसे में दो महीने तक वेतन नहीं मिलने से घर का खर्च, किराया और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है। कुछ दिनों पहले कर्मचारी कलेक्टर कार्यालय तक पैदल गए थे और वहां शिकायत की थी।

अधिकारी कहते हैं कंपनी के पास पैसा नहीं

कर्मचारियों का आरोप है कि जब वे वेतन को लेकर अधिकारियों से बात करते हैं तो उन्हें बताया जाता है कि कंपनी के पास पैसा नहीं है। बता दें कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज से जुड़े अस्पतालों में Facility Management Services के तहत BVG के करीब एक हजार से अधिक कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं।

कर्मचारियों के प्रदर्शन के चलते अस्पतालों में काम करने वाले इन आउटसोर्स कर्मचारियों की सैलरी का मुद्दा सामने आया है।

BVG को मार्च से भुगतान नहीं मिला, इसलिए वेतन में देरी

BVG INDIA LIMITED का कहना है कि कंपनी को संबंधित कार्य का भुगतान मार्च माह से प्राप्त नहीं हुआ है। लगातार भुगतान लंबित रहने के कारण कंपनी के सामने कर्मचारियों के वेतन भुगतान को लेकर वित्तीय कठिनाई उत्पन्न हुई है।

कंपनी के अनुसार Facility Management Services के लिए BVG का चयन दिसंबर में निविदा प्रक्रिया के माध्यम से हुआ था। टेंडर मिलने के बाद कंपनी ने कर्मचारियों की तैनाती की और दिसंबर से लगातार सेवाओं का संचालन किया।

कंपनी का कहना है कि उसने दिसंबर से मार्च तक कर्मचारियों के वेतन भुगतान और साइट संचालन को प्राथमिकता देते हुए सेवाएं जारी रखीं। हालांकि मार्च से संबंधित कार्य का भुगतान प्राप्त नहीं हुआ। इसी कारण वर्तमान में कर्मचारियों के वेतन भुगतान में देरी हुई है।

HLL के जरिए मिला था काम

एमजीएम मेडिकल कॉलेज ने HLL को टेंडर दिया था और HLL ने आगे BVG को काम की जिम्मेदारी दी। जानकारी के मुताबिक HLL की ओर से भुगतान लंबित होने के कारण BVG को भी भुगतान प्राप्त नहीं हो सका है।

.