July 21, 2026

Burger Controversy: CJP ने प्रवक्ता विजेता दहिया को किया बर्खास्त - Haribhoomi

Burger Controversy: दिल्ली संसद मार्च के दौरान वायरल बर्गर वीडियो के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने प्रवक्ता विजेता दहिया को पद से हटा दिया। जानें पूरा विवाद और उनकी सफाई।

Cockroach Janta Party

कॉकरोच जनता पार्टी ने विजेता दहिया को प्रवक्ता पद से हटाया।

  • Published: 21 Jul 2026, 06:34 PM IST
  • Last Updated: 21 Jul 2026, 06:57 PM IST

Burger Controversy: संसद मार्च के दौरान वायरल हुए बर्गर वीडियो को लेकर उठे विवाद के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया है। पार्टी ने अपने मुख्य प्रवक्ता विजेता दहिया को तत्काल प्रभाव से पद से बर्खास्त कर दिया है। पार्टी नेतृत्व ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X और Instagram पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान सामने आए विजेता दहिया के वीडियो संगठन के मूल्यों और नैतिक सिद्धांतों के विपरीत हैं।

पार्टी ने कहा कि जब कार्यकर्ता पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज का सामना कर रहे थे, उस समय इस तरह का व्यवहार बेहद असंवेदनशील माना गया। इसी आधार पर विजेता दहिया को पार्टी की सभी आधिकारिक जिम्मेदारियों से तत्काल प्रभाव से मुक्त कर दिया गया।

संसद मार्च के दौरान वायरल हुआ बर्गर खाते वीडियो
हरियाणा के सोनीपत निवासी विजेता दहिया सोमवार को दिल्ली में आयोजित संसद घेराव प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इसी दौरान मेट्रो स्टेशन के पास उनका बर्गर खाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

इसके बाद एक दूसरा वीडियो भी सामने आया, जिसमें वह कार के अंदर बर्गर खाते हुए यह कहते दिखाई दिए कि,

"आंदोलन में शामिल होना मेरी कोई नौकरी है क्या? क्या मुझे आप लोगों ने चुना है?"

इस बयान के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर उनकी तीखी आलोचना शुरू हो गई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी इसे आंदोलन की भावना के खिलाफ बताया।

Dahiya is shamelessly defending why he was enjoying burger and not at the sansad march.

'Ye meri naukri hai kya. Tumne mujhe elect kiya hai kya. Mujhe politics mein nahi aana.

Mere responsibility nahi tumhare jaise bewakoofon ko appease karun

Main burger khaunga' pic.twitter.com/rkS6spPre7

— 🍉 (@DelhiIsNotFar) July 21, 2026

विजेता दहिया ने दी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद विजेता दहिया ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि वह लगातार दो रातों से बिना सोए आंदोलन में सक्रिय थे और संसद मार्च का हिस्सा भी रहे। उनके मुताबिक, जब उन्हें लगा कि प्रदर्शन समाप्त हो चुका है तो वे घर लौट रहे थे। इसी दौरान अत्यधिक भूख लगने पर उन्होंने रास्ते में बर्गर खाया।

दहिया ने कहा कि भूख लगना स्वाभाविक है और उनके वीडियो को आधे-अधूरे संदर्भ में वायरल कर गलत माहौल बनाया गया। उनका दावा है कि वह शुरुआत से ही प्रदर्शन में मौजूद थे और पूरे आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।

इंजीनियरिंग छोड़ राजनीति और डॉक्यूमेंट्री निर्माण में आए
विजेता दहिया हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले हैं। उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग (B.Tech) की पढ़ाई की है। बाद में उन्होंने इंजीनियरिंग क्षेत्र छोड़कर समसामयिक मुद्दों, राजनीति और इतिहास पर रिसर्च, लेखन और डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माण को अपना पेशा बनाया।

जून 2026 में बने थे CJP के अधिकृत प्रवक्ता
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने जून 2026 में विजेता दहिया, आशुतोष रांका और सौरभ दास को अधिकृत प्रवक्ता नियुक्त किया था। विजेता दहिया मीडिया के सामने पार्टी का पक्ष रखने के साथ-साथ विभिन्न आंदोलनों में संगठन का प्रतिनिधित्व कर रहे थे।

हालांकि, बर्गर वीडियो विवाद के बाद पार्टी ने उन्हें सभी जिम्मेदारियों से हटाते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि संगठन अपने नैतिक मानकों से किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा।