Published: Sunday, September 13, 2026, 9:16 [IST]
बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राजनीति में एक ऐसा मोड़ आया है, जिसने मायावती के बाद पार्टी की कमान को लेकर चल रही चर्चाओं को फिर हवा दे दी है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने साफ कर दिया है कि उनके छोटे भाई आनंद कुमार के दोनों बेटे आकाश आनंद और ईशान आनंद भविष्य में पार्टी में किसी राजनीतिक पद पर नहीं रहेंगे। वहीं पहली बार उन्होंने अपनी भतीजी कुमारी दीपिका आनंद को लेकर दरवाजा खुला रखा है।
यहीं से सवाल उठ रहा है कि आखिर दीपिका आनंद कौन हैं? क्या वह मायावती की अगली राजनीतिक वारिस बन सकती हैं? अभी वह क्या करती हैं और BSP में उनकी एंट्री का मतलब क्या है? इन सवालों को समझना इसलिए भी जरूरी है क्योंकि मायावती ने इसे सिर्फ परिवार के एक सदस्य को आगे बढ़ाने के तौर पर नहीं रखा है, बल्कि परिवारवाद से दूरी और नई पीढ़ी को मौका देने की अपनी नीति से जोड़ा है।
मायावती ने दीपिका आनंद का नाम क्यों लिया?
मायावती ने 12 सितंबर को अपने संदेश में कहा कि वह अपने भाई-बहनों और उनके परिवार के युवाओं को सांसद, विधायक, मंत्री या दूसरे राजनीतिक पदों से दूर रखती रही हैं। उन्होंने कहा कि बसपा को परिवारवादी पार्टी की छवि से बचाना जरूरी है।
मायावती ने यह भी बताया कि अविवाहित होने और सुरक्षा से जुड़ी जरूरतों के चलते उन्होंने अपने छोटे भाई आनंद कुमार को अपने साथ रखा। आनंद कुमार लंबे समय से बसपा में मायावती के साथ संगठन से जुड़े काम देखते रहे हैं।
लेकिन उनके दोनों बेटों को लेकर मायावती का फैसला बिल्कुल साफ है। आकाश आनंद और ईशान आनंद को अब पार्टी में छोटा या बड़ा कोई राजनीतिक पद नहीं दिया जाएगा। मायावती ने इसे अपना अंतिम फैसला बताया है।
इसके उलट उन्होंने आनंद कुमार की बेटी दीपिका के लिए संभावना खुली रखी है। मायावती के मुताबिक, अगर भविष्य में आनंद कुमार को अपनी जिम्मेदारियों में मदद की जरूरत पड़ती है और दीपिका आनंद इसके लिए तैयार होती हैं, तो उन्हें पार्टी की जिम्मेदारी दी जा सकती है।

कौन हैं दीपिका आनंद और क्या करती हैं?
दीपिका आनंद, आनंद कुमार की बेटी और मायावती की भतीजी हैं। अभी तक वह बसपा की सक्रिय राजनीति में सार्वजनिक चेहरा नहीं रही हैं। दीपिका आनंद फिलहाल वकालत की पढ़ाई कर रही हैं।
यानी अभी उन्हें बसपा की नेता या आधिकारिक राजनीतिक उत्तराधिकारी कहना जल्दबाजी होगी। मायावती ने भी सीधे यह घोषणा नहीं की है कि दीपिका को पार्टी की अगली राष्ट्रीय अध्यक्ष या अपना उत्तराधिकारी बनाया जा रहा है।
मायावती ने सिर्फ इतना संकेत दिया है कि दीपिका चाहें और अपनी ईमानदारी, पार्टी के प्रति निष्ठा तथा काम करने की क्षमता साबित करें, तो उन्हें भविष्य में जिम्मेदारी मिल सकती है। अगर दीपिका खुद राजनीति में आने के लिए तैयार नहीं होती हैं, तो मायावती ने दूसरा रास्ता भी बताया है। ऐसी स्थिति में पार्टी की सहमति से दलित समाज के किसी मिशनरी कार्यकर्ता को जिम्मेदारी दी जा सकती है।

आकाश और ईशान के बाद दीपिका क्यों चर्चा में आईं?
बसपा की उत्तराधिकार की चर्चा लंबे समय से आनंद कुमार के परिवार के इर्द-गिर्द घूमती रही है। पहले आकाश आनंद को मायावती के बाद पार्टी में बड़ी भूमिका के लिए तैयार किया गया। बाद में उनकी भूमिका पर कई बार बदलाव हुए और सितंबर 2026 में मायावती ने उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और सभी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया।
ईशान आनंद को भी हाल में संगठन में जिम्मेदारी दी गई थी। लेकिन अब मायावती ने दोनों भाइयों को भविष्य के राजनीतिक पदों से बाहर रखने का ऐलान कर दिया है। ऐसे में दीपिका का नाम अचानक बसपा की अगली पीढ़ी की राजनीति से जोड़कर देखा जाने लगा है।
दीपिका का नाम सामने आने के साथ ही मायावती ने बसपा के संगठन में युवाओं की भूमिका बढ़ाने पर भी जोर दिया है। उन्होंने कहा है कि पार्टी में युवाओं को करीब 50 फीसदी तक संगठनात्मक भागीदारी देने की प्रक्रिया लंबे समय से चल रही है।
आने वाले उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब विधानसभा चुनावों में भी युवा चेहरों को प्राथमिकता देने की बात कही गई है। मायावती ने खास तौर पर जेन-ज़ी और जेन-अल्फा की जरूरतों और उनकी सोच को ध्यान में रखकर नई पीढ़ी को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया है। यानी दीपिका का नाम सिर्फ पारिवारिक उत्तराधिकार की चर्चा नहीं है। इसके पीछे बसपा को नई पीढ़ी से जोड़ने की बड़ी रणनीति भी दिखाई देती है।