सार्वजनिक क्षेत्र की दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल ने वित्तीय मोर्चे और नेटवर्क विस्तार में शानदार वापसी दर्ज की है। लखनऊ में नवनियुक्त सीजीएम राजेश कुमार ने बताया कि कंपनी का कुल कलेक्शन बढ़कर 21,462 करोड़ रुपये हो गया है।
बीएसएनएल के नवनियुक्त मुख्य महाप्रबंधक राजेश कुमार ने पनी का एबिटा लगातार सकारात्मक बना हुआ है और ग्राहक आधार में तेजी से सुधार देखा जा रहा है।
- Published: 15 Aug 2026, 10:57 AM IST
- Last Updated: 15 Aug 2026, 10:57 AM IST
सार्वजनिक क्षेत्र की अग्रणी दूरसंचार कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड ने बाजार में अपनी मजबूत वापसी दर्ज कराते हुए शानदार वित्तीय प्रगति हासिल की है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बीएसएनएल के नवनियुक्त मुख्य महाप्रबंधक (CGM) राजेश कुमार ने कंपनी की वित्तीय स्थिति, स्वदेशी 4जी नेटवर्क के विस्तार और स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में उपभोक्ताओं के लिए शुरू की गई विशेष योजनाओं का ब्योरा साझा किया। उन्होंने बताया कि कंपनी का एबिटा लगातार सकारात्मक बना हुआ है और ग्राहक आधार में तेजी से सुधार देखा जा रहा है।
वित्तीय प्रदर्शन में जोरदार उछाल और यूपी ईस्ट सर्कल का राजस्व बढ़ा
सीजीएम राजेश कुमार ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में बीएसएनएल का कुल कलेक्शन 21 हजार 462 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया है, जो पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 2 हजार 324 करोड़ रुपये अधिक है। उत्तर प्रदेश पूर्वी परिमंडल (UP East Circle) में भी कंपनी के प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार दर्ज हुआ है।
सर्कल की कोर सर्विसेज से मिलने वाला राजस्व 699 करोड़ रुपये से बढ़कर 772 करोड़ रुपये हो गया है, जो 10.44 प्रतिशत की सीधी बढ़ोतरी को दर्शाता है। इसके साथ ही एंटरप्राइज बिजनेस में 11 प्रतिशत और सीएफए (CFA) खंड में 6 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।
स्वदेशी 4G स्टैक लागू करने वाला भारत बना दुनिया का 5वां देश
नेटवर्क विस्तार की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि स्वदेशी 4जी स्टैक के सफल क्रियान्वयन के साथ भारत दुनिया का पांचवां ऐसा देश बन गया है, जिसने पूरी तरह अपनी घरेलू तकनीक पर 4जी नेटवर्क विकसित और लागू किया है। उत्तर प्रदेश में 'डिजिटल भारत निधि' परियोजना के अंतर्गत 98 साइटों पर 4G सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं।
इसके अलावा भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 20 साइटों को निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान की गई है, जबकि वामपंथी उग्रवाद (LWE) से प्रभावित इलाकों की 78 साइटों को 2G से सीधे हाई-स्पीड 4G में अपग्रेड कर दिया गया है।
स्वतंत्रता दिवस पर ₹1 वाला 'Freedom 2.0' और 47 दिन की अतिरिक्त वैधता
उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए बीएसएनएल ने स्वतंत्रता दिवस पर कई विशेष ऑफर्स की घोषणा की है। कंपनी ने ₹1 का 'Freedom 2.0' ऑफर पेश किया है, जिसके तहत 24 दिनों के लिए अनलिमिटेड वॉइस कॉलिंग, रोजाना 1GB हाई-स्पीड डेटा और प्रतिदिन 100 SMS की सुविधा मिलेगी। वहीं लंबी अवधि के उपभोक्ताओं के लिए ₹2399 वाले वार्षिक प्लान पर 47 दिनों की अतिरिक्त वैधता दी जा रही है, जिससे इस प्लान की कुल वैधता बढ़कर 412 दिन हो जाएगी।
FTTH डिस्काउंट, फ्री एंटरटेनमेंट टीवी और सैटेलाइट कनेक्टिविटी
ब्रॉडबैंड उपभोक्ताओं के लिए BSNL FTTH का ₹1199 प्रतिमाह वाला प्रीमियम प्लान अगले छह महीनों के लिए महज ₹1111 में उपलब्ध कराया गया है। इस प्लान में 200 Mbps की स्पीड, 5000 GB डेटा और 25 से अधिक प्रमुख OTT प्लेटफॉर्म्स का सब्सक्रिप्शन शामिल है। इसके अलावा सभी मोबाइल उपभोक्ताओं को BSNL Free Entertainment TV की सुविधा भी दी जाएगी।
कंपनी ने दुर्गम और दूरदराज के क्षेत्रों के लिए अपनी अत्याधुनिक सैटेलाइट फोन सेवा को भी सक्रिय कर दिया है, जिससे संचार विहीन क्षेत्रों में भी कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जा सकेगी।