August 24, 2026

पंचकूला में फर्जीवाड़े की शादी: BSC नर्सिंग युवती से ब्याहा 5वीं पास युवक,नशे और पुराने केस छिपाने का आरोप, पुलिस ने की FIR दर्ज  - Haribhoomi

पंचकूला के मॉडल टाउन पिंजौर की BSC नर्सिंग पास युवती को शादी के बाद पता चला कि उसका पति केवल 5वीं कक्षा तक पढ़ा है, गंभीर रूप से नशे का आदी है और उस पर दो दुष्कर्म (Rape) के मामले दर्ज हैं।

 Marriage Fraud Panchkula. 

पंचकूला में BSC नर्सिंग युवती से ब्याहा 5वीं पास युवक।

  • Published: 24 Aug 2026, 03:51 PM IST
  • Last Updated: 24 Aug 2026, 03:51 PM IST

पंचकूला में फर्जीवाड़े की शादी: हरियाणा के पंचकूला में शादी के लिए युवक की शिक्षा, नशे की आदत और कथित आपराधिक मामलों की जानकारी छिपाने का मामला सामने आया है। मॉडल टाउन पिंजौर निवासी BSC नर्सिंग पास युवती ने आरोप लगाया है कि उसे युवक को BA पास, नशामुक्त और अच्छे चरित्र का बताकर रिश्ता कराया गया, जबकि शादी के बाद वह महज 5वीं पास और नशे का आदी निकला।

पीड़िता की शिकायत और महिला सेल व वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की जांच के बाद पिंजौर थाना पुलिस ने आरोपी पति सुखचैन सिंह, ननद सतबीर कौर और रिश्ता कराने वाली बिचौलिया सुखविंदर कौर के खिलाफ FIR दर्ज की है।

सुखविंदर कौर ने BA पास बताकर भेजा था रिश्ता
पीड़िता चांदनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सुखविंदर कौर के माध्यम से सुखचैन सिंह का रिश्ता आया था। परिवार की ओर से युवक को BA पास, नशा न करने वाला और अच्छे चरित्र का बताया गया था।

इन बातों पर भरोसा कर परिवार ने शादी के लिए सहमति दी। पीड़िता के मुताबिक, सगाई में करीब 10 लाख रुपए और शादी में लगभग 40 से 45 लाख रुपए खर्च किए गए। इसके अलावा सोने-चांदी के आभूषण और घरेलू सामान भी दिया गया।

BA पास नहीं बल्कि 5वीं कक्षा तक पढ़ा है पति
पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद उसे पता चला कि उसका पति BA पास नहीं है, बल्कि केवल 5वीं कक्षा तक पढ़ा है। उसने पति पर नशा करने और उसके साथ मारपीट करने के भी आरोप लगाए हैं।

महिला का दावा है कि बाद में उसे पति के खिलाफ पहले दर्ज दो दुष्कर्म के मामलों की जानकारी भी मिली। उसका आरोप है कि शादी से पहले परिवार और बिचौलिये ने इन जानकारियों को उससे छिपाया था।

शादी के बाद से ही कमरे में बंद कर मारपीट का लगाया आरोप
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही उसके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया। आरोप है कि उसे कमरे में बंद करके रखा जाता था और घर में नौकरों की तरह काम कराया जाता था।महिला ने यह भी आरोप लगाया कि हाथ की उंगली में संक्रमण होने पर उसने पति से इलाज कराने के लिए कहा। इसके बाद उसे एक स्थानीय क्लिनिक में ले जाया गया, जहां कथित तौर पर उचित चिकित्सा सुविधा के बजाय नाखून और मांस काट दिया गया। महिला के अनुसार, इसके बाद संक्रमण और बढ़ गया।

पुलिस ने की पति समेत 3 लोगों पर FIR
पिंजौर थाना SHO राजेश कुमार के मुताबिक, महिला की शिकायत पर सुखचैन सिंह, सतबीर कौर और सुखविंदर कौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85 और 316(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने मामले की जांच महिला ASI सुनीता को सौंपी है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले में पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi  या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से हरिभूमि हिंदी न्यूज़ App डाउनलोड करें।