By Oneindia Staff
Published: Thursday, September 24, 2026, 18:25 [IST]
BRICS Theatre Festival 2026: भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत राजधानी दिल्ली में BRICS Theatre Festival 2026 का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय यह अंतरराष्ट्रीय थिएटर फेस्टिवल 12 से 14 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इसकी थीम 'हमारी कहानियां, हमारा भविष्य' रखी गई है।
फेस्टिवल में 9 देशों के 100 से ज्यादा कलाकार, थिएटर प्रैक्टिशनर, स्कॉलर्स और स्टूडेंट्स हिस्सा लेंगे। इसका उद्देश्य अलग-अलग देशों की नाट्य परंपराओं, आधुनिक थिएटर प्रयोगों और साझा सांस्कृतिक मूल्यों को एक मंच पर लाना है। संस्कृति मंत्रालय के सचिव विवेक अग्रवाल, IAS ने नई दिल्ली में मीडिया को फेस्टिवल की तैयारियों और इसके उद्देश्यों की जानकारी दी।
किन देशों के कलाकार होंगे शामिल?
फेस्टिवल में भारत के साथ थाईलैंड, इंडोनेशिया, रूस, वियतनाम, ईरान, दक्षिण अफ्रीका, कजाकिस्तान और इथियोपिया के कलाकार और थिएटर संस्थान हिस्सा लेंगे। इन देशों के राष्ट्रीय थिएटर स्कूल और प्रमुख थिएटर संस्थानों की भी भागीदारी होगी। रूस की ओर से नेशनल इंस्टीट्यूट और नेशनल कल्चरल इंस्टीट्यूट के दो थिएटर समूह प्रस्तुतियां देंगे।
12 अक्टूबर को NSD में होगा उद्घाटन
फेस्टिवल का उद्घाटन 12 अक्टूबर को नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) परिसर में होगा। इसके बाद दिल्ली के अलग-अलग प्रमुख सभागारों में नाट्य प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।
प्रस्तुतियों के लिए प्रमुख वेन्यू में शामिल हैं...
- अभिमंच ऑडिटोरियम, NSD
- सम्मुख सभागार, NSD
- कमानी सभागार
- एलटीजी सभागार
- मेघदूत थिएटर
₹200 में देख सकेंगे इंटरनेशनल थिएटर शो
फेस्टिवल की प्रस्तुतियों के टिकट BookMyShow पर उपलब्ध होंगे। टिकट की कीमत ₹200 प्रति व्यक्ति रखी गई है। आयोजकों के मुताबिक, कम टिकट कीमत का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा दर्शकों को अंतरराष्ट्रीय थिएटर प्रस्तुतियों से जोड़ना है।
सिर्फ नाटक नहीं, वर्कशॉप और चर्चा भी
BRICS Theatre Festival को केवल थिएटर प्रस्तुतियों तक सीमित नहीं रखा गया है। हर प्रस्तुति के बाद इंटरैक्टिव वर्कशॉप और डिस्कशन सेशन आयोजित किए जाएंगे। इनमें संबंधित नाटक के डायरेक्टर, कलाकार और क्रू सदस्य हिस्सा लेंगे।
इन सत्रों में मुख्य रूप से चर्चा होगी:
- नाटक की थीम और कलाकारों के विजन पर
- प्रोडक्शन तैयार करने की प्रक्रिया पर
- अलग-अलग देशों की एक्टिंग और थिएटर परंपराओं पर
- स्टेजक्राफ्ट और तकनीकी डिजाइन पर
- दर्शकों के सवाल-जवाब पर
- अलग-अलग संस्कृतियों के कलाकारों के बीच सहयोग और रचनात्मक संवाद पर
BRICS Culture Track से कैसे जुड़ा है फेस्टिवल?
भारत ने 2026 के लिए BRICS की अध्यक्षता संभाली है। भारत की अध्यक्षता का व्यापक थीम 'Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability' यानी सुदृढ़ता, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के लिए निर्माण है। इसी व्यापक एजेंडे के तहत BRICS Culture Track में सांस्कृतिक सहयोग को आगे बढ़ाया जा रहा है।
भारत की अध्यक्षता में सांस्कृतिक सहयोग के तीन प्रमुख क्षेत्रों पर जोर दिया जा रहा है:
- क्रिएटिव इंडस्ट्री: कॉपीराइट, डिजिटल इनोवेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस समेत सांस्कृतिक एवं रचनात्मक उद्योगों में सहयोग।
- सांस्कृतिक विरासत: कल्चरल हेरिटेज की सुरक्षा और सांस्कृतिक संपत्तियों की वापसी के लिए सहयोग।
- संस्कृति और सतत विकास: क्लाइमेट रेजिलिएंस और सस्टेनेबल डेवलपमेंट में संस्कृति की भूमिका पर संवाद।
थिएटर के जरिए सांस्कृतिक संवाद पर जोर
BRICS Theatre Festival 2026 का उद्देश्य अलग-अलग देशों के थिएटर समुदायों के बीच आपसी सीख, प्रोफेशनल नेटवर्किंग और भविष्य में सहयोग के अवसर तैयार करना है। फेस्टिवल में क्लासिकल, कंटेम्परेरी और एक्सपेरिमेंटल थिएटर सहित अलग-अलग शैलियों की प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। आयोजकों के मुताबिक, थिएटर अलग-अलग भाषाओं और सांस्कृतिक परंपराओं के बावजूद लोगों को जोड़ने का माध्यम बन सकता है। इसी विचार के साथ फेस्टिवल को सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के बीच संपर्क का मंच बनाया जा रहा है।
NSD को मिली आयोजन की जिम्मेदारी
नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) को BRICS Theatre Festival 2026 के आयोजन के लिए नोडल एजेंसी बनाया गया है। NSD भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के तहत काम करने वाली स्वायत्त संस्था है। फेस्टिवल के जरिए भारत में BRICS सदस्य और पार्टनर देशों के थिएटर कलाकारों, संस्थानों और दर्शकों को एक साथ लाने की कोशिश की जाएगी।