September 12, 2026

BRICS Summit: LAC पर शांति, व्यापार में भरोसा... मोदी-जिनपिंग मीटिंग में किन मुद्दों पर बनी सहमति?

BRICS Summit: LAC पर शांति, व्यापार में भरोसा… मोदी-जिनपिंग मीटिंग में किन मुद्दों पर बनी सहमति?

ब्रिक्स में मोदी और जिनपिंग मीटिंग.

नई दिल्ली में BRICS शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच शनिवार को द्विपक्षीय बैठक हुई. दोनों नेताओं ने भारत-चीन संबंधों में लगातार हो रही प्रगति का स्वागत किया और रिश्तों को रणनीतिक और दीर्घकालिक नजरिए से आगे बढ़ाने पर जोर दिया. दोनों नेताओं के बीच शनिवार को करीब 50 मिनट तक द्विपक्षीय बैठक हुई.

पीएम मोदी ने कहा कि मतभेद विवाद में नहीं बदलने चाहिए. उन्होंने भारत-चीन रिश्तों के लिए तीन म्यूचुअल यानी पारस्परिक सम्मान, पारस्परिक संवेदनशीलता और पारस्परिक हित को मार्गदर्शक सिद्धांत बताया.

LAC पर शांति को सबसे अहम आधार बताया

प्रधानमंत्री मोदी ने साफ कहा कि सीमा क्षेत्रों में शांति और स्थिरता भारत-चीन संबंधों को आगे बढ़ाने की जरूरी बुनियाद है. दोनों पक्षों को सीमा से जुड़े मौजूदा समझौतों और सहमतियों का पालन करने की जरूरत पर जोर दिया गया.

दोनों नेताओं ने सीमा विवाद के निष्पक्ष, उचित और दोनों देशों को स्वीकार्य समाधान की दिशा में आगे बढ़ने की प्रतिबद्धता दोहराई. इसके लिए दोनों देशों के व्यापक द्विपक्षीय संबंधों और दोनों देशों के लोगों के दीर्घकालिक हितों को ध्यान में रखने की बात कही गई.

व्यापार और आर्थिक रिश्तों पर भी चर्चा

बैठक में दोनों देशों के बीच लोगों के आपसी संपर्क, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और बिजनेस लिंक बढ़ाने पर भी जोर दिया गया. व्यापार के मुद्दे पर दोनों नेताओं ने व्यापार असंतुलन, सप्लाई चेन और बाजार तक बेहतर और भरोसेमंद पहुंच से जुड़ी चिंताओं को दूर करने की जरूरत बताई.

दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर आपसी सहमति के दायरे को बढ़ाने और साझा चुनौतियों से मिलकर निपटने पर भी सहमति जताई. प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की BRICS अध्यक्षता को चीन के समर्थन और 2026 BRICS शिखर सम्मेलन को सफल बनाने में चीन के योगदान के लिए राष्ट्रपति शी जिनपिंग का आभार जताया.

ये भी पढ़ें- BRICS में डॉलर पर वार की तैयारी, अपनी करेंसी में ट्रेड के लिए बनेगा नया पेमेंट सिस्टम?

अंजू निर्वाण

अंजू निर्वाण

अंजू निर्वाण भारत की लीडिंग डिफेंस पत्रकारों में से एक हैं, जो राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक मामलों पर अपनी सटीक रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जानी जाती हैं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में दो दशकों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने इंडिया टीवी, न्यूज़ 24, ज़ी न्यूज़, इंडिया न्यूज़, ईटीवी और रिपब्लिक भारत जैसे प्रमुख समाचार चैनलों में रिपोर्टर, एंकर, प्रोड्यूसर और खोजी पत्रकार के रूप में काम किया है. सितंबर 2022 से अंजू निर्वाण टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं, जहां वह रक्षा मामलों की कवरेज का नेतृत्व करती हैं, भारत के सैन्य आधुनिकीकरण, नौसेना की प्रगति, मिसाइल प्रणालियों और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर कवरेज करती हैं. अंजू निर्वाण ने युद्ध क्षेत्रों से रिपोर्टिंग की है, अग्रिम पंक्ति के सैन्य अभ्यासों को कवर किया है और शीर्ष रक्षा अधिकारियों के इंटरव्यू किए हैं.

Read More

google button