
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान
BRICS Summit Delhi 2026: ब्रिक्स समिट के दौरान अगर सबसे ज्यादा किसी चीज की चर्चा हो रही है, तो वो है न्यू डेवलपमेंट बैंक, जिसे डॉलर को चुनौती देने वाले विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने शनिवार को कहा कि तेहरान ब्रिक्स के ‘न्यू डेवलपमेंट बैंक’ (NDB) का नया सदस्य बनने की दिशा में काम कर रहा है और कुछ देशों ने इसके लिए समर्थन भी दिया है. 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली आए अरागची ने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई द्विपक्षीय बैठक को ‘मजबूत’ बताया है और ब्रिक्स में सहयोग की तारीफ की है.
एसएनएन (SNN) ईरान को दिए एक इंटरव्यू में अरागची ने कहा, ‘यह राष्ट्राध्यक्षों का सत्र है और इसमें राष्ट्राध्यक्ष हिस्सा ले रहे हैं. हम भी राष्ट्रपति की सेवा में मौजूद हैं. यह सत्र अपने आप में बहुत महत्वपूर्ण है और शनिवार को शुरू हुआ. शुक्रवार को एक कमर्शियल काउंसिल (व्यापार परिषद) का गठन किया गया था और आप महत्वपूर्ण चर्चाओं के गवाह बने. राष्ट्रपति पुतिन, पीएम मोदी और डॉ. पेजेशकियान के बीच खासकर स्थानीय और राष्ट्रीय मुद्राओं के इस्तेमाल को लेकर हुई बातचीत ने दुनिया का ध्यान खींचा और इसे काफी मीडिया कवरेज भी मिला’.
भारत के साथ ईरान की मजबूत बैठक
उन्होंने आगे कहा, ‘शनिवार को शिखर सम्मेलन का मुख्य सत्र शुरू हुआ. इसके साथ ही राष्ट्रपति की द्विपक्षीय बैठकें भी हुईं. शुक्रवार को भारत के साथ बहुत मजबूत बैठक हुई. शनिवार को मलेशिया और इथियोपिया के साथ भी बैठकें हुईं, जो अफ्रीका का एक महत्वपूर्ण देश है. द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा हो रही है और इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के संबंध इस्लामिक देशों और क्षेत्र के अन्य देशों के साथ बढ़ रहे हैं और यह बात सभी बैठकों में साफ तौर पर देखी जा सकती है’.
ईरान NDB में शामिल होगा या नहीं?
ब्रिक्स के न्यू डेवलपमेंट बैंक में ईरान के शामिल होने को लेकर उन्होंने कहा कि हम इस पर काम कर रहे हैं, कुछ देश समर्थन कर रहे हैं और वो जरूरी शर्तों को पूरा करने की प्रक्रिया में हैं. वहीं, ईरानी मीडिया का हवाला देते हुए पिछले महीने TV ब्रिक्स ने रिपोर्ट दी थी कि ईरान के सेंट्रल बैंक के गवर्नर अब्दोलनासेर हेम्मती ने घोषणा की है कि ईरान ‘न्यू डेवलपमेंट बैंक’ का सदस्य बनना चाहता है.
ये भी पढ़ें: BRICS में भारत की पहल को बड़ी कामयाबी, जेलेंस्की बोले- मैं पुतिन से बात करने को तैयार

सोनू शर्मा
TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. यहां न्यूज डेस्क पर काम करते हैं. इससे पहले ट्रेंडिंग टीम में थे. न्यूज चैनल और डिजिटल मीडिया में 10 साल से अधिक का अनुभव है. पश्चिम बंगाल राज्य के कोलकाता स्थित NSHM कॉलेज से जर्नलिज्म की पढ़ाई की है. उसके बाद IBN7 (अब न्यूज18 इंडिया) में इंटर्नशिप की. फिर बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर सुदर्शन न्यूज चैनल से जुड़े. यहां स्पोर्ट्स टीम के साथ काम किया. फिर बिहार के पटना स्थित आर्यन न्यूज (बतौर प्रोड्यूसर), दिल्ली स्थित नेड्रिक न्यूज (बतौर सब एडिटर) और अमर उजाला जैसे संस्थानों में काम किया. अमर उजाला डिजिटल में बतौर सब एडिटर नेशनल और इंटरनेशनल बीट के साथ-साथ ट्रेंडिंग, ऑड, स्पोर्ट्स, लाइफस्टाइल और हेल्थ बीट पर काम किया. यहां शिफ्ट हेड की भूमिका भी निभाई. उसके बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े. ट्रेंडिंग के साथ-साथ ऑड न्यूज, हेल्थ, साइंस और रिसर्च में बेहतरीन पकड़ है. किताबें पढ़ने का शौक है.
Read More