Sep 11, 2026 10:28 am ISTलाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली।

आईबी ने अपने अलर्ट में कहा है कि इस दौरान स्प्रे पेंट के जरिए दीवारों पर आपत्तिजनक तस्वीरें बनाने की कोशिश की जा सकती है। इसके अलावा ड्रोन एक्टिविटी और VVIP रूट में घुसने की कोशिश की भी संभावना है। आईबी

ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर आईबी ने दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट जारी किया है।
ब्रिक्स सम्मेलन (BRICS Summit 2026) को लेकर दिल्ली को छावनी में बदल दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था काफी पुख्ता की गई है। दिल्ली पुलिस और सेंट्रल सिक्योरिटी एजेंसियों ने राष्ट्रीय राजधानी में चौकसी बढ़ा दी है। आईबी ने अलर्ट जारी किया है कि इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान भारत की छवि बिगाड़ने के इरादे से वीआईपी मूवमेंट में रुकावट डालने और सुरक्षा व्यवस्था को तोड़ने की कोशिश की जा सकती है। न्यूज एजेंसी एएनआई ने आईबी के टॉप सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है।
आईबी ने अपने अलर्ट में कहा है कि इस दौरान स्प्रे पेंट के जरिए दीवारों पर आपत्तिजनक तस्वीरें बनाने की कोशिश की जा सकती है। इसके अलावा ड्रोन एक्टिविटी और VVIP रूट में घुसने की कोशिश की भी संभावना है। आईबी से अलर्ट मिलते ही दिल्ली के अहम इलाकों में निगरानी और खुफिया जानकारी जुटाने का काम तेज कर दिया गया है।
रूस और चीन से जुड़े मुद्दों पर विरोध की कोशिश
सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि इस सम्मेलन के दौरान विरोध-प्रदर्शन करने के लिए इसमें शामिल देशों से जुड़े विवादों और संवेदनशील मुद्दों का फायदा उठाया जा सकता है। सूत्रों ने बताया कि चीन से जुड़े तिब्बती विरोध-प्रदर्शन और रूस से जुड़े मुद्दों पर भी विचार किया जा रहा है। सूत्रों ने आगे यह भी बताया कि खालिस्तान से जुड़े खतरों की ओर भी इशारा किया गया है।
दिल्ली पुलिस ने बढ़ाई निगरानी
एजेंसियों को समय-समय पर इस मुद्दे से जुड़े ईमेल मिलते रहे हैं। इसे ध्यान में रखते हुए सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर निगरानी बढ़ा दी गई है। सम्मेलन वाली जगहों, डेलीगेट्स के ठहरने वाले होटलों, VVIP रूट, एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
आपको बता दें कि भारत 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। यह चौथा ऐसा अवसर है जब भारत इसकी अध्यक्षता कर रही है।