|
New Update
/bansal-news/media/media_files/2026/07/21/new-poster-1-2026-07-21-07-16-29.jpg)
Breaking News Live Update 21 July: देश-विदेश में आज 21 जुलाई की बड़ी खबरें कौन सी हैं। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश में क्या बड़ा घटनाक्रम है साथ ही राजनीतिक गलियारों में किस मुद्दे पर सरगर्मी चल रही है। इसके लिए पढ़ें आज 21 जुलाई की ब्रेकिंग और लेटेस्ट न्यूज।
Jul 21, 2026 11:52 IST
छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में काले कपड़ों में संसद पहुंचेंगे सपा सांसद
/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2026/07/21/whatsapp-image-2026-07-21-11-48-36.jpeg)
समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद मंगलवार को काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचेंगे। पार्टी ने यह फैसला छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में लिया है। सपा का कहना है कि संसद में काले वस्त्र पहनकर वह छात्रों के समर्थन और पुलिस कार्रवाई के विरोध में अपना प्रतिरोध दर्ज कराएगी। पार्टी इस मुद्दे को संसद के भीतर भी जोरदार तरीके से उठाने की तैयारी में है।
Jul 21, 2026 11:27 IST
PM मोदी का बड़ा बयान- NEET पेपर लीक के जिम्मेदार लोगों पर हुई सख्त कार्रवाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसदीय दल की बैठक में NEET पेपर लीक मामले पर सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि इस प्रकरण में तुरंत और सख्त कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं 'घोर पाप' हैं और सरकार ने दोषियों को किसी भी हाल में नहीं बख्शा। प्रधानमंत्री ने कहा कि मामले में जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया गया, आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कदम उठाए गए तथा जहां जरूरत महसूस हुई, वहां दोबारा परीक्षा भी कराई गई, ताकि छात्रों के हितों की रक्षा हो सके। उन्होंने सभी राज्य सरकारों से भी अपील की कि वे केंद्र के साथ मिलकर ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था तैयार करें। प्रधानमंत्री ने कहा कि भविष्य में किसी भी परीक्षा में पेपर लीक जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए और इसके लिए सभी राज्यों का समन्वित प्रयास जरूरी है।
Jul 21, 2026 11:02 IST
ईरान पर अमेरिकी हमले जारी, कुवैत में US बेस पर अटैक का दावा
अमेरिका ने ईरान के खिलाफ अपने सैन्य अभियान को जारी रखते हुए लगातार 10वीं रात दक्षिणी ईरान में हवाई हमले किए। ईरानी मीडिया के अनुसार, सीरिक, बंदर अब्बास, क़ेश्म द्वीप, चाबहार और कोनारक समेत कई इलाकों में जोरदार विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। इसी बीच, ईरानी सेना ने दावा किया है कि उसने हाल के घंटों में कुवैत स्थित कैंप अरिफजान में तैनात अमेरिकी HIMARS मिसाइल सिस्टम को निशाना बनाया। हालांकि, इस दावे की अभी तक अमेरिका या किसी स्वतंत्र स्रोत से पुष्टि नहीं हुई है।
उधर, यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के खिलाफ समुद्री नाकेबंदी का ऐलान किया है। हूती नेतृत्व ने कहा कि बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य से गुजरने वाले सऊदी जहाजों को निशाना बनाया जाएगा और यह समुद्री मार्ग उनके लिए बंद रहेगा। बाब-अल-मंदेब दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है। लाल सागर को अदन की खाड़ी से जोड़ने वाले इस जलमार्ग से वैश्विक व्यापार का लगभग 10 प्रतिशत हिस्सा गुजरता है। ऐसे में यहां बढ़ता तनाव अंतरराष्ट्रीय व्यापार और क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए बड़ी चिंता माना जा रहा है।
Jul 21, 2026 09:33 IST
शंभू बॉर्डर से किसानों का दिल्ली कूच आज, भारी बैरिकेडिंग, पंढेर बोले- हम बातचीत चाहते हैं
/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2026/07/21/whatsapp-image-2026-07-21-09-32-59.jpeg)
भारत-अमेरिका प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के विरोध में पंजाब के हजारों किसान मंगलवार को शंभू बॉर्डर से दिल्ली कूच कर रहे हैं। देश बचाओ मोर्चा के आह्वान पर अमृतसर, गुरदासपुर और अन्य जिलों से किसानों के जत्थे शंभू बॉर्डर पहुंच रहे हैं। किसानों की मांग है कि सरकार प्रस्तावित FTA को तत्काल रद्द करे।
किसानों के मार्च को देखते हुए शंभू बॉर्डर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की है और इलाके में धारा 163 लागू कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। इस बीच किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि किसान टकराव नहीं चाहते, बल्कि सरकार के साथ बातचीत के जरिए समाधान निकालना चाहते हैं। हालांकि उन्होंने साफ किया कि जब तक किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के प्रमुख गुरनाम सिंह चढ़ूनी को दिल्ली में प्रस्तावित किसान महापंचायत में शामिल होने के लिए जाते समय हरियाणा पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। इस कार्रवाई के बाद किसान संगठनों ने सरकार की आलोचना करते हुए आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी है।
Jul 21, 2026 07:50 IST
जंतर-मंतर पर फिर जुटे CJP समर्थक, अभिजीत दीपके बोले- 'संसद मार्च जारी रहेगा, पीछे नहीं हटेंगे'
नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन एक बार फिर जंतर-मंतर पर शुरू हो गया है। सोमवार शाम दिल्ली पुलिस द्वारा प्रदर्शन स्थल खाली कराए जाने के कुछ घंटे बाद ही पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके अपने समर्थकों के साथ दोबारा जंतर-मंतर पहुंच गए। सोमवार देर रात तक बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी वहां जुटे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। अभिजीत दीपके ने कहा कि उनका आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते। उन्होंने साफ कहा कि CJP जंतर-मंतर नहीं छोड़ेगी और मंगलवार को भी संसद तक मार्च निकाला जाएगा।
दरअसल, संसद के मानसून सत्र के पहले दिन CJP ने 'संसद चलो' मार्च का आयोजन किया था। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने आंसू गैस के गोले छोड़े और हल्का बल प्रयोग भी किया। इसके बाद सोमवार शाम करीब 5 बजे पुलिस ने जंतर-मंतर खाली करा दिया था। हालांकि, करीब छह घंटे बाद प्रदर्शनकारी फिर लौट आए और अस्थायी मंच बनाकर धरना दोबारा शुरू कर दिया। CJP की ओर से तीन प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन किया जा रहा है, जिनमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग सबसे प्रमुख है। पार्टी का कहना है कि उनकी मांगें पूरी होने तक प्रदर्शन और संसद मार्च जारी रहेगा।
Jul 21, 2026 07:18 IST
सिक्किम टनल में मीथेन ब्लास्ट के बाद भूस्खलन, 7 की जान गई
/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2026/07/21/whatsapp-image-2026-07-21-07-32-11.jpeg)
सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन सुरंग के बाहर हुए भीषण भूस्खलन के बाद बड़ा हादसा हो गया। हादसे के वक्त सुरंग के भीतर करीब 27 मजदूर फंस गए थे। राहत एवं बचाव दल लगातार उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने में जुटा है। इस बीच जिला प्रशासन ने सात मजदूरों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों के शवों को सिंगतम जिला अस्पताल, गंगटोक के STNM अस्पताल और नामची जिला अस्पताल भेजा गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुरंग में मीथेन गैस ब्लास्ट के बाद हालात और गंभीर हो गए थे, जिसके चलते बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
लेखक