August 14, 2026

Breaking News Live Update 14 August: भारत को फिर दी धमकी, बोले- पानी की एक-एक बूंद हमारी ‘रेड लाइन’

Breaking News Live Update 14 August: देश-विदेश में आज 14 अगस्त की बड़ी खबरें कौन सी हैं। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश में क्या बड़ा घटनाक्रम है साथ ही राजनीतिक गलियारों में किस मुद्दे पर सरगर्मी चल रही है। इसके लिए पढ़ें आज 14 अगस्त की ब्रेकिंग और लेटेस्ट न्यूज।   

  • Aug 14, 2026 10:00 IST

    भारत को फिर दी धमकी, बोले- पानी की एक-एक बूंद हमारी ‘रेड लाइन’

    WhatsApp Image

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भारत को लेकर एक बार फिर आक्रामक बयान दिया है। इस्लामाबाद में आयोजित ‘यादगार-ए-फतह’ कार्यक्रम में शरीफ ने सिंधु जल संधि का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पाकिस्तान के पानी की एक-एक बूंद उसकी ‘रेड लाइन’ है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भारत ने अपने रुख में बदलाव नहीं किया तो पाकिस्तान इसका जवाब देगा।

    मई 2025 के संघर्ष का भी किया जिक्र

    शहबाज शरीफ ने मई 2025 में भारत-पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य संघर्ष का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान शांति, सम्मान और गरिमा में विश्वास करता है, लेकिन इसे कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए। शरीफ ने दावा किया कि अगर भविष्य में पाकिस्तान की संप्रभुता या सुरक्षा को चुनौती दी गई, तो उसका जवाब मई 2025 से भी ज्यादा ताकत के साथ दिया जाएगा।

    सिंधु जल संधि पर भारत-पाकिस्तान में तनाव

    पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने अप्रैल 2025 में सिंधु जल संधि को होल्ड पर रखने का फैसला किया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया। मई 2025 में भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्र में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच सैन्य टकराव हुआ और फिर सीजफायर पर सहमति बनी।

    सीजफायर का श्रेय ट्रंप को दिया

    अपने भाषण में शहबाज शरीफ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर कराने में अहम भूमिका निभाई और इससे बड़ी संख्या में लोगों की जान बची। हालांकि, भारत लगातार अमेरिकी मध्यस्थता के दावे को स्वीकार नहीं करता रहा है।

    चीन और खाड़ी देशों से रिश्तों का भी जिक्र

    शरीफ ने चीन को पाकिस्तान का मजबूत सहयोगी बताते हुए दोनों देशों की दोस्ती की तारीफ की। उन्होंने सऊदी अरब के साथ हुए रक्षा समझौते और तुर्की के साथ सहयोग का भी उल्लेख किया। शरीफ ने इन रिश्तों को क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा से जोड़ते हुए पाकिस्तान की रणनीतिक साझेदारियों पर जोर दिया।

  • Aug 14, 2026 08:36 IST

    चमोली टनल हादसा: मलबा और पानी आने से नौ मजदूरों की मौत

    विष्णुगाड–पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टनल में अचानक भारी मलबा और पानी घुसने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे के वक्त टनल में काम कर रहे कई मजदूर अंदर फंस गए। अब तक नौ मजदूरों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि छह अन्य की तलाश जारी है। मुख्यमंत्री आज घटनास्थल का जायजा लेने पहुंचेंगे।

    तेज आवाज के बाद टनल की बिजली हुई गुल

    ओडिशा निवासी जगेश्वर ने बताया कि वह टनल से निकलने वाले पानी को पंप के जरिए बाहर निकालने का काम करता है। उन्होंने बताया कि शाम करीब छह बजे अचानक टनल के अंदर से तेज आवाज सुनाई दी। आवाज इतनी भयावह थी कि कुछ समझ पाना मुश्किल हो गया। इसी दौरान टनल की बिजली भी चली गई। हादसे के समय जगेश्वर घटनास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर था।

लेखक