July 28, 2026

BRB कॉलेज में प्रैक्टिकल परीक्षा रद्द पर छात्रों का हंगामा: दरभंगा-पटना हाईवे जाम, कर्मचारी आंदोलन बना वजह, यूनिवर्सिटी से मांगी नई तारीख - Samastipur News

समस्तीपुर के बलिराम भगत (बीआरबी) महाविद्यालय में बीए के बॉटनी, फिजिक्स और जूलॉजी विषयों की प्रैक्टिकल परीक्षा अचानक रद्द होने पर छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा।

.

पहले से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बड़ी संख्या में विद्यार्थी परीक्षा देने कॉलेज पहुंचे थे, लेकिन उन्हें परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया गया। इसके बाद नाराज छात्रों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

परीक्षा रद्द होने पर सड़क जाम परीक्षा स्थगित होने की जानकारी मिलते ही आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज के मुख्य द्वार के सामने दरभंगा-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।

सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और काफी देर तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

पुलिस पहुंची मौके पर, छात्रों को समझाया सड़क जाम की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना अध्यक्ष अजित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों को शांत कराने का प्रयास किया।

बाद में आइसा नेताओं और छात्र प्रतिनिधियों से बातचीत के बाद एक प्रतिनिधिमंडल को महाविद्यालय के प्राचार्य से वार्ता के लिए भेजा गया।

प्रतिनिधिमंडल में मुफस्सिल थाना अध्यक्ष अजित कुमार सिंह, आइसा के जिला उपाध्यक्ष दीपक यदुवंशी, अनमोल कुमार, शंकर, नवीन, आयुष सहित अन्य छात्र प्रतिनिधि शामिल थे।

कर्मचारियों के आंदोलन से नहीं हो सकी परीक्षा वार्ता के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि कर्मचारी संघ वेतन वृद्धि सहित विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन पर है।

कर्मचारियों ने कॉलेज का मुख्य गेट बंद कर दिया था, जिसके कारण छात्र-छात्राओं को परिसर में प्रवेश नहीं मिल सका और निर्धारित प्रैक्टिकल परीक्षा आयोजित नहीं हो पाई।

उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा रद्द करने का निर्णय महाविद्यालय प्रशासन की मजबूरी थी, न कि उसकी इच्छा।

विश्वविद्यालय से मांगा गया नया परीक्षा कार्यक्रम प्रभारी प्राचार्य जगदीश प्रसाद बैसंत्री ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन को दे दी गई है। विश्वविद्यालय से नया परीक्षा कार्यक्रम प्राप्त होते ही छात्र-छात्राओं की प्रैक्टिकल परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी।

उन्होंने विद्यार्थियों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि किसी भी छात्र के शैक्षणिक हितों से समझौता नहीं किया जाएगा और सभी की परीक्षा नियमानुसार कराई जाएगी।

छात्र बोले- बिना सूचना परीक्षा टालना गलत वहीं प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि बिना किसी पूर्व सूचना के परीक्षा स्थगित किए जाने से उन्हें मानसिक और आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ी।

दूर-दराज के क्षेत्रों से आए विद्यार्थियों का समय और पैसा दोनों बर्बाद हुआ। छात्रों ने मांग की कि जल्द से जल्द नई परीक्षा तिथि घोषित की जाए ताकि उनकी पढ़ाई और परीक्षा प्रक्रिया प्रभावित न हो।

वार्ता के बाद खत्म हुआ आंदोलन महाविद्यालय प्रशासन और छात्र प्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता के बाद स्थिति सामान्य हो गई। छात्रों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया,

जिसके बाद दरभंगा-पटना मुख्य मार्ग पर यातायात फिर से सुचारु हो गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए रहा।

प्रदर्शन में आयुष कुमार, शंकर कुमार, होम, नेहा कुमारी, हिमांशु कुमार, सोनू कुमार, अंकुश कुमार, सत्यम कुमार, गौरव कुमार, अंकित कुमार, रोशन कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।