August 12, 2026

आठ साल बाद Brad Lightcap ने OpenAI को कहा अलविदा, कहे जाते हैं सैम ऑल्टमैन के राइट हैंड

Image

CFO से COO और फिर Special Projects तक का सफर

OpenAI के लंबे समय से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी Brad Lightcap ने कंपनी छोड़ने का फैसला किया है। वह करीब 8 साल तक OpenAI का हिस्सा रहे और CEO Sam Altman के सबसे करीबी सहयोगियों में गिने जाते थे। Lightcap ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर OpenAI कर्मचारियों को भेजे गए एक मेमो को साझा करते हुए अपने इस्तीफे की जानकारी दी। उन्होंने अपने फैसले को भावुक बताते हुए कहा कि OpenAI को बनाने में करीब एक दशक का समय बिताना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा।

रिसर्च लैब से बड़ी AI कंपनी बनाने में अहम भूमिका

Brad Lightcap 2018 में OpenAI से जुड़े थे। उस समय कंपनी एक छोटी रिसर्च लैब थी, जबकि आज यह दुनिया की सबसे प्रभावशाली AI कंपनियों में शामिल है। Lightcap ने कंपनी के बिजनेस और ऑपरेशंस को खड़ा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में OpenAI ने कई बड़ी कंपनियों के साथ एंटरप्राइज पार्टनरशिप और कारोबारी समझौते किए, जिससे कंपनी को अरबों डॉलर का कारोबार हासिल हुआ।

Lightcap ने अपने संदेश में कहा कि उन्होंने OpenAI में Finance, Legal, People, Corporate Security, Go-to-Market, Government Affairs और पार्टनरशिप समेत कई टीमों के शुरुआती ढांचे को तैयार करने में योगदान दिया।

अब शुरू करेंगे कुछ नया

OpenAI छोड़ने के बाद Brad Lightcap ने संकेत दिया है कि वह अब अपना नया काम शुरू करने जा रहे हैं, हालांकि उन्होंने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी कि उनका अगला प्रोजेक्ट क्या होगा। उन्होंने अपने संदेश में OpenAI में बिताए समय और वहां बने रिश्तों के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि कंपनी के साथ काम करना उनके जीवन के सबसे सम्मानजनक अनुभवों में से एक रहा।

Sam Altman ने की जमकर तारीफ

Brad Lightcap के जाने पर OpenAI CEO सैम ऑल्टमैन ने भी प्रतिक्रिया दी। सैम ने कहा कि उन्हें OpenAI को लेकर Lightcap के साथ हुई शुरुआती बातचीत आज भी अच्छी तरह याद है। उन्होंने Lightcap को ऐसा व्यक्ति बताया, जिसने कंपनी की जरूरत के हिसाब से अलग-अलग जिम्मेदारियां और चुनौतियां संभालीं।

Sam Altman ने यह भी कहा कि Brad Lightcap के योगदान के बिना OpenAI आज जहां है, वहां तक नहीं पहुंच पाती। दोनों के बीच कामकाजी रिश्ता OpenAI से पहले का है। Lightcap और सैम की मुलाकात Y Combinator के दौर में हुई थी, जिसे सैम पहले लीड करते थे।

CFO से COO और फिर Special Projects तक का सफर

OpenAI में Brad Lightcap ने करीब चार साल तक चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) के तौर पर काम किया। इसके बाद वह चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) बने। अप्रैल में उन्होंने COO की जिम्मेदारियों से हटकर कंपनी में स्पेशल प्रोजेक्ट की भूमिका संभाली थी। इसके बाद चीफ रेवेन्यू ऑफिसर Denise Dresser ने उनकी COO से जुड़ी अधिकांश जिम्मेदारियां संभालीं।

IPO से पहले OpenAI में कई बड़े इस्तीफे

Brad Lightcap का जाना ऐसे समय हुआ है जब OpenAI में कई बड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के कंपनी छोड़ने की खबरें सामने आई हैं। हाल के दिनों में रिसर्चर Naomi Bashkansky और AI एथिक्स लीड Chloe Bakalar ने भी कंपनी छोड़ी है। इससे पहले एप्लिकेशन CEO Fidji Simo ने सलाहकार की भूमिका संभाली थी, जबकि सेफ्टी प्रमुख Johannes Heidecke जुलाई में कंपनी से अलग हो गए। Sora AI वीडियो जनरेटर का नेतृत्व करने वाले Bill Peebles भी अब OpenAI का हिस्सा नहीं हैं।

Pradeep Pandey

प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • Tech-Gadgets

End of Article