September 13, 2026

Box Office:अक्षय कुमार-सैफ अली खान की जोड़ी में नहीं दिखा दम, हैवान का हाल बेहाल, बाजी मार गई कटप्पा की ये साउथ फिल्म

Box Office:अक्षय कुमार-सैफ अली खान की जोड़ी में नहीं दिखा दम, हैवान का हाल बेहाल, बाजी मार गई कटप्पा की ये साउथ फिल्म

हैवान और मंडाडी ने कितने कमाए?

Haiwaan Box Office Day 2: अक्षय कुमार के लिए साल 2026 काफी अच्छा जा रहा था. उनकी फिल्मों को बढ़िया रिस्पॉन्स मिल रहा था. लेकिन हैवान फिल्म के साथ ऐसा देखने को नहीं मिल रहा है. इस फिल्म से जैसा उम्मीद लगाई जा रही थी वैसी परफॉर्मेंस फिलहाल देखने को नहीं मिली है. वहीं साउथ की फिल्म मंडाडी की बात करें तो इस फिल्म ने रिलीज के 3 दिनों में बंपर कलेक्शन कर के दिखा दिया है. एक तरफ प्रमोशन और बड़ी स्टार कास्ट की फिल्म है जिसका प्रदर्शन बॉक्स ऑफिस पर लचर नजर आ रहा है. वहीं दूसरी तरफ बिना प्रमोशन और बड़ी स्टार कास्ट वाली साउथ की फिल्म है जिसकी शानदार कमाई देखने को मिल रही है.

दोनों ही फिल्मों की कमाई के ताजा आंकड़े आ गए हैं. हैवान को रिलीज हुए अभी महज 2 दिन हुए हैं और दूसरे ही दिन इसकी कमाई में गिरावट दर्ज की गई है. फिल्म ने शनिवार को महज 2.50 करोड़ की कमाई की है. वहीं दूसरी तरफ मंडाडी फिल्म को रिलीज हुए 3 दिन हुए हैं. इस फिल्म ने तीसरे दिन 9.25 करोड़ रुपये कमा लिए हैं. आइए विस्तार से जानते हैं कि कौन सी फिल्म ने कुल कितना कलेक्शन कर लिया है.

हैवान ने कुल कितने कमाए?

हैवान की बात करें तो इस फिल्म ने रिलीज के 2 दिन में नेट कलेक्शन के आधार पर 5.50 करोड़ कमा लिए हैं. वहीं फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 6.60 करोड़ रुपये का रहा है. फिल्म को विदेशों से भी कोई ज्यादा फायदा देखने को नहीं मिल रहा है. विदेश से इस फिल्म ने 2 करोड़ कमाए हैं. इसे अगर मिला लिया जाए तो फिल्म का 2 दिनों का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 8.60 करोड़ रुपये का रहा है. इसका अनुमानित बजट 120 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. उसके मुकाबले फिल्म की कमाई को कम ही माना जाएगा.

ये भी पढ़ें- जिस मलयालम फिल्म का रीमेक है अक्षय कुमार की हैवान, वो पिक्चर OTT पर कहां देखें?

कितना रहा मंडाडी फिल्म का कलेक्शन?

वहीं मंडाडी फिल्म बिना प्रमोशन के ही 3 दिनों में बंपर कमाई करती नजर आ रही है. इस फिल्म का 3 दिनों का नेट कलेक्शन 20.80 करोड़ रुपये का रहा है. वहीं फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 24.43 करोड़ रुपये का हो चुका है. विदेशों से भी इस फिल्म ने 5 करोड़ बंटोर लिए हैं. इसे मिला लिया जाए तो फिल्म की अब तक की कुल कमाई 29.43 करोड़ रुपये की हो चुकी है. मतलब औसतन हर दिन ये फिल्म 10 करोड़ कमा ले जा रही है. फिल्म में ज्यादा बड़े स्टार्स तो नहीं हैं लेकिन इसमें बाहुबली में कटप्पा का रोल करने वाले सत्यराज भी अहम रोल में हैं.

पुनीत उपाध्याय

पुनीत उपाध्याय

पत्रकारिता जगत में 7 साल पूरे कर चुके पुनीत उपाध्याय रायबरेली से ताल्लुक रखते हैं. वे टीवी 9 के डिजिटल विंग में साल 2022 से सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. कला, संगीत, सिनेमा, साहित्य पर लिखने का शौक रखते हैं. साथ ही इससे जुड़ी हर छोटी, बड़ी और रोचक खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं. इसके अलावा वे अन्य बीट्स में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं. पुनीत मानते हैं कि कला सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि उससे इतर अंतरमन से जुड़ने और समाज से रूबरू होने का एक सार्थक जरिया भी है. CSJM कानपुर युनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने के बाद पुनीत ने ITMI (इंडिया टुडे मीडिया इंस्टिट्यूट) से मास कॉम्युनिकेशन में पीजी डिप्लोमा का कोर्स किया है. पुनीत की पहली जॉब आज तक में थी जहां उन्होंने 4 साल सब एडिटर की पोस्ट पर काम किया और मनोरंजन बीट के लिए अपनी सेवाएं दीं. पुनीत की रुचि लिखने में है और वे कलम की धार से समाज में बदलाव लाने में विश्वास रखते हैं. इसके अलावा उनकी रुचि आध्यात्म, साहित्य, गायन, दर्शन, क्रिकेट और मनोविज्ञान में है.

Read More

google button