उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में चरखारी से बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत ने सरकारी बीज की कालाबाजारी का खुलासा करने का दावा किया है. विधायक ने राजकीय कृषि बीज भंडार पर प्रभारी सोनू यादव को किसानों के चने के बीज पिकअप में लादकर ले जाते रंगे हाथों पकड़ लिया. इस दौरान उन्होंने युवक को थप्पड़ भी जड़ दिया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
दरअसल, बुधवार रात महोबा के चरखारी में राजकीय कृषि बीज भंडार के प्रभारी सोनू यादव ने किसानों के लिए आए मुफ्त चने के बीज की सौ बोरियां पिकअप में लोड कराईं. विधायक बृजभूषण राजपूत ने सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर वाहन और आरोपी को पकड़ लिया. संतोषजनक जवाब न मिलने पर विधायक ने प्रभारी को थप्पड़ जड़ दिए. फिलहाल, पुलिस ने पिकअप, बीज और तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है. जिला कृषि अधिकारी ने चरखारी कोतवाली में मुकदमा दर्ज करने की तहरीर दी है.
रात के अंधेरे में हो रही थी सरकारी बीज की तस्करी
सम्बंधित ख़बरें
महोबा के चरखारी विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत के तेवर उस वक्त तीखे हो गए जब उन्हें सरकारी योजनाओं में सेंधमारी की जानकारी मिली. चरखारी के राजकीय कृषि बीज भंडार में किसानों के बीच बांटने के लिए सरकार की ओर से निशुल्क चने का बीज भेजा गया था. आरोप है कि रात के समय बीज गोदाम प्रभारी सोनू यादव अपने साथियों के साथ मिलकर इस सरकारी बीज को चुपचाप पिकअप वाहन में लोड करके कालाबाजारी के लिए ले जा रहा था.
गुस्से में आपा खो बैठे विधायक, जड़े थप्पड़
शिकायत मिलने पर विधायक बृजभूषण राजपूत अपने समर्थकों के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए. जब उन्होंने गोदाम प्रभारी से जब्ती और कागजात को लेकर पूछताछ की, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और गुमराह करने की कोशिश करने लगा. इस दौरान विधायक का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. उन्होंने गोदाम प्रभारी को खरी-खोटी सुनाई और कहा कि तुम अखिलेश यादव से मिले हुए हो, और गुस्से में आकर उसे थप्पड़ जड़ दिए. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
प्रशासन की कार्रवाई और अधिकारियों का बयान
सूचना मिलते ही उपकृषि निदेशक के निर्देश पर प्रभारी जिला कृषि अधिकारी बीसी विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. जांच के दौरान पिकअप वाहन से चने के बीज की करीब सौ बोरियां बरामद की गईं, जिनकी कीमत चार से पांच लाख रुपये आंकी गई है. प्रभारी जिला कृषि अधिकारी ने चरखारी कोतवाली में बीज गोदाम प्रभारी सोनू यादव और उसके दो सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तहरीर दी है. पुलिस ने वाहन समेत पूरा सरकारी बीज अपने कब्जे में ले लिया है.
---- समाप्त ----
ये भी देखें
