August 25, 2026

फर्जी ट्रांसफर ऑर्डर,BJP ने 2 नेताओं को निकाला: RMA के ट्रांसफर के नाम पर 1 लाख लिए,CMHO के फर्जी साइन किए;6 साल के लिए बाहर - baloda bazar News

भारतीय जनता पार्टी ने फर्जी तबादला आदेश मामले में जिला महामंत्री कृष्ण अवस्थी और जिला उपाध्यक्ष पूनिराम पटेल को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। प्रदेश भाजपा कार्यालय ने 25 अगस्त को दोनों नेताओं के निष्कासन का आदेश जार

.

यह कार्रवाई दोनों नेताओं की फर्जी तबादला आदेश मामले में गिरफ्तारी के बाद की गई है। पलारी पुलिस ने उन्हें इस मामले में गिरफ्तार किया था। मामला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहांसी में पदस्थ ग्रामीण चिकित्सा सहायक (RMA) करण कुमार देवांगन के फर्जी तबादला आदेश से जुड़ा है।

इस मामले को दैनिक भास्कर ने प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद भाजपा ने दोनों नेताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया।

आरोप है कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. राजेश अवस्थी के फर्जी हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर करण देवांगन का तबादला पीएचसी मोपर किए जाने का फर्जी आदेश तैयार किया गया था।

फर्जी तबादला आदेश मामले में 6 गिरफ्तार

पलारी थाना प्रभारी परिवेश तिवारी के मुताबिक, 17 अगस्त को फर्जी आदेश की कॉपी व्हाट्सएप के जरिए स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय पहुंची थी। जांच में दस्तावेज फर्जी पाया गया।

खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज वर्मा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान कृष्ण अवस्थी और पूनिराम पटेल की मामले में भूमिका सामने आई। दोनों पर करण देवांगन से करीब 1 लाख रुपए के लेनदेन का भी आरोप है।

पुलिस ने मामले में कृष्ण अवस्थी, पूनिराम पटेल, करण देवांगन और रवि सेन को गिरफ्तार किया। इसके बाद जांच के दौरान पारख कश्यप और कृष्ण अवस्थी के बेटे प्रणव अवस्थी को भी गिरफ्तार किया गया। इस तरह मामले में कुल 6 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336(3), 337, 338, 340(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।

दोनों नेताओं को 6 साल के लिए निष्कासित किया

गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने दोनों नेताओं के खिलाफ तुरंत अनुशासनात्मक कार्रवाई की और उन्हें पद से हटा दिया। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री और मुख्यालय प्रभारी डॉ. नवीन मारकंडेय के हस्ताक्षर से 25 अगस्त 2026 को दोनों नेताओं को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित करने का आदेश जारी किया गया।

भाजपा ने दोनों नेताओं को 6 साल के लिए किया निष्कासित

प्रदेश भाजपा के आदेश के मुताबिक, दोनों नेताओं का निष्कासन तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। आदेश की जानकारी क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश महामंत्री पवन साय और बलौदाबाजार जिला अध्यक्ष को भी भेजी गई है।

आदेश में पार्टी विरोधी गतिविधियों की विस्तार से जानकारी नहीं दी गई है। हालांकि, फर्जी तबादला आदेश मामले में दोनों नेताओं की गिरफ्तारी को ही इस कार्रवाई की मुख्य वजह माना जा रहा है। पार्टी की इस कार्रवाई को संगठन में अनुशासन को लेकर सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है।