August 7, 2026

'सिर्फ BJP की सरकार से इस्तीफा मांगेंगी', स्याही कांड के बीच नेहा बोरा का वीडियो वायरल, पक्षपात का लगा आरोप!

Time Updated: Friday, August 7, 2026, 19:34 [IST]

Neha Bora: झारखंड में JPSC और JSSC CGL परीक्षा को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच शुक्रवार को रांची में माहौल अचानक गरमा गया। हुआ यूं कि जब ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा पर प्रदर्शन स्थल पर पहुंची तब एक व्यक्ति ने उनके उपर स्याही फेंक दी। घटना उस समय हुई जब नेहा बोरा आंदोलन में शामिल छात्रों को संबोधित कर रही थीं और उनके समर्थन में मार्च में शामिल थीं।

घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। छात्रों ने इसका विरोध किया, जबकि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। इस घटना के साथ ही नेहा बोरा का उसी कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जाने लगा, जिस पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर उनके एक बयान को शेयर कर के पक्षपात का आरोप लगाया जा रहा है।

Neha Bora

सोशल मीडिया पर बयान को लेकर छिड़ी बहस

X (पूर्व में ट्विटर) पर खुचरेंप नाम के एक पैरोडी यूजर ने नेहा बोरा के कार्यक्रम का वीडियो शेयर करते हुए तंज भरे अंदाज में लिखा, "जहां बीजेपी की सरकार होगी, वहां के शिक्षा मंत्री का इस्तीफा मांगूंगी, लेकिन जहां विपक्ष की सरकार होगी, वहां पर इस्तीफा नहीं मांगूंगी - वामपंथी नेहा बोरा।" हालांकि, यह टिप्पणी पोस्ट करने वाले यूजर की अपनी राय है। वीडियो में नेहा बोरा ने इस तरह का कोई सीधा बयान नहीं दिया है।

जहां बीजेपी की सरकार होगी, वहां के शिक्षा मंत्री का इस्तीफा मांगूंगी,

लेकिन जहां विपक्ष की सरकार होगी, वहां पर इस्तीफा नहीं मांगूंगी - वामपंथी नेहा बोरा pic.twitter.com/EvLRFMhmnT

— खुचरेंप (@khuchrep) August 7, 2026

ये भी पढ़ें: 'रोते हुए माफी मांगने पर किया मजबूर', 'पीएम को गाली' विवाद पर फुटा नेहा का गुस्सा, कहा-खुद को शूरवीर समझ रहे!

वीडियो में क्या बोलीं नेहा बोरा?

वीडियो में नेहा बोरा कहती हैं कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्र 11वीं-14वीं JPSC और JSSC CGL परीक्षा में कथित अनियमितता, घोटाले और भ्रष्टाचार के विरोध में आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग है कि इन परीक्षाओं को रद्द किया जाए और जल्द से जल्द दोबारा परीक्षा की तारीख घोषित की जाए ताकि नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू हो सके।

AISA की ओर से छात्रों को दिया समर्थन

नेहा बोरा ने कहा कि वह AISA की ओर से आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन में पहुंची हैं। उन्होंने सरकार से भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों की मांगों पर जल्द बातचीत करने और सकारात्मक फैसला लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्रों की आवाज सुनी जानी चाहिए और उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई होनी चाहिए। अपने संबोधन में नेहा बोरा ने कहा कि अगर देशभर के छात्र जंतर-मंतर पर चले आंदोलन से प्रेरित हुए थे, तो उन्हें झारखंड के छात्रों के इस आंदोलन से भी प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन पूरे देश के छात्र आंदोलनों के लिए प्रेरणा बन सकता है, क्योंकि यहां छात्र अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से भूख हड़ताल और अनशन कर रहे हैं।

भाषण के दौरान स्याही फेंकने की घटना

शुक्रवार को प्रदर्शन स्थल पर भाषण के दौरान एक व्यक्ति ने नेहा बोरा पर स्याही फेंक दी। घटना के बाद वहां मौजूद छात्रों में नाराजगी फैल गई और कुछ देर के लिए हंगामे जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने तुरंत आरोपी को पकड़कर हिरासत में ले लिया और मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी। घटना के बाद भी छात्र आंदोलन जारी रहा।

ये भी पढ़ें: 'पिता मुझे देशद्रोही कहते हैं,10 साल से नहीं की बात' CJP प्रोटेस्ट में 23 दिन अनशन करने वाली नेहा का छलका दर्द