October 3, 2026

Bihar News: सारण में बाढ़ प्रभावित इलाकों में एयर ड्रॉप से पहुंचाई जा रही राहत सामग्री, 15 उड़ानों में 28 टन से ज्यादा खाद्य सामग्री गिराई

आपदा प्रबंधन अधिकारियों, केंद्र और भारतीय वायु सेना के समन्वय से, सारण, बिहार में बाढ़ से प्रभावित और दुर्गम इलाकों में एयर ड्रॉप के ज़रिए भोजन पहुंचाया जा रहा है। 15 उड़ानों के ज़रिए 5,600 से अधिक सूखे राशन पैकेट गिराए गए हैं, और जरूरतमंद समुदायों तक और अधिक राहत सामग्री पहुंच रही है।

By Oneindia Staff

Time Published: Saturday, October 3, 2026, 20:31 [IST]

सारण: बिहार के सारण जिले में बाढ़ प्रभावित और दुर्गम इलाकों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए एयर ड्रॉपिंग अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर आपदा प्रबंधन विभाग ने गृह मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के साथ समन्वय कर इस विशेष व्यवस्था की शुरुआत की है। इसका उद्देश्य उन क्षेत्रों में भी खाद्य सामग्री पहुंचाना है, जहां बाढ़ और जलजमाव के कारण सड़क मार्ग से राहत पहुंचाना मुश्किल हो गया है।

IAF air drops aid to Saran flood areas

आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, सारण के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भारतीय वायु सेना के हेलिकॉप्टरों के जरिए अब तक 15 उड़ानों में 5,600 से अधिक ड्राई राशन पैकेट एयर ड्रॉप किए जा चुके हैं। इन पैकेटों के माध्यम से 28 टन से अधिक खाद्य सामग्री प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचाई गई है। एयर ड्रॉपिंग के जरिए उन परिवारों तक जरूरी खाद्य सामग्री पहुंचाई जा रही है, जहां बाढ़ के कारण सामान्य आवागमन बाधित है। प्रशासन का प्रयास है कि प्रभावित लोगों को समय पर राहत उपलब्ध कराई जा सके।

प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी

आपदा प्रबंधन विभाग और जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रभावित आबादी की जरूरत के अनुसार राहत सामग्री पहुंचाने के लिए सड़क मार्ग के साथ-साथ आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक माध्यमों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य है कि बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार तक जल्द से जल्द आवश्यक राहत और खाद्य सामग्री पहुंचाई जाए।

भारतीय वायु सेना की टीमें निभा रहीं अहम भूमिका

इस विशेष राहत अभियान में भारतीय वायु सेना के पायलटों और कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। एयर ड्रॉपिंग अभियान का संचालन ग्रुप कैप्टन अनुज गुप्ता और विंग कमांडर विशाल खत्री (गोरखपुर), स्क्वाड्रन लीडर रोहित दादरवाल और फ्लाइट लेफ्टिनेंट कुणाल कलमकर (बागडोगरा), तथा फ्लाइट लेफ्टिनेंट राठौड़ भरत सिंह (बागडोगरा) के नेतृत्व में किया जा रहा है।

CM ने केंद्र और वायु सेना का जताया आभार

मुख्यमंत्री ने बाढ़ की इस चुनौतीपूर्ण स्थिति में बिहार के प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए गृह मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार और भारतीय वायु सेना के प्रति आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है।