September 22, 2026

Bihar Crime News: स्कूल जा रही दो छात्राओं पर ब्लेड से हमला, वारदात के बाद अज्ञात बाइक सवार फरार

Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर के बरूराज थाना क्षेत्र में सोमवार को स्कूल जा रही दो छात्राओं पर ब्लेड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. दोनों छात्राएं साइकिल से स्कूल जा रही थीं, इसी दौरान एक अज्ञात बाइक सवार युवक ने कथित तौर पर उन पर ब्लेड से हमला कर दिया. घटना में दोनों छात्राएं घायल हो गईं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों छात्राओं को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया. चिकित्सकों के अनुसार, दोनों छात्राओं की स्थिति सामान्य है.  इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया.

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज शुरू कर दी. मंगलवार को एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. इसके बाद उन्होंने पीड़ित छात्राओं के घर पहुंचकर दोनों छात्राओं और उनके परिजनों से घटना की जानकारी ली और उनके बयान दर्ज किए.

एसडीपीओ सुचित्रा कुमारी के अनुसार, दोनों छात्राएं साइकिल से स्कूल जा रही थीं. इसी दौरान एक अज्ञात बाइक सवार युवक ने उन पर ब्लेड से हमला किया. परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.

पुलिस अब आरोपी की पहचान कर रही है. इसके लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है. साथ ही तकनीकी साक्ष्यों की भी मदद ली जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान होने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी.

मामले के बीच सोशल मीडिया और कुछ समाचार माध्यमों पर घटना को लेकर चल रही खबरों पर भी पुलिस ने आपत्ति जताई है. एसडीपीओ ने कहा कि कुछ जगहों पर घटना को बढ़ा-चढ़ाकर और गलत तथ्यों के साथ प्रसारित किया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, ऐसी खबरों से लोगों के बीच अनावश्यक डर और भ्रम की स्थिति बन रही है.

पुलिस प्रशासन ने कहा है कि गलत या भ्रामक जानकारी प्रसारित करने वाले मीडियाकर्मियों और मीडिया संस्थानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. ऐसे मामलों में लीगल नोटिस भेजने के साथ प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया में शिकायत करने की बात भी कही गई है.

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घटना को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें. मामले की जांच जारी है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.