July 25, 2026

Bihar Band: सुबह शांत, दोपहर हिंसा, शाम इस्तीफा, बिहार बंद में दिनभर क्या-क्या हुआ

Bihar Band: नीट पेपर लीक, छात्रों पर लाठीचार्ज और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को छात्र संगठनों और वामपंथी दलों द्वारा बुलाया गया बिहार बंद दिन भर भारी हंगामे, हिंसा और सियासी हलचल का केंद्र बना रहा. सुबह के भारी पुलिस पहरे से शुरू हुआ यह आंदोलन दोपहर होते-होते राज्य के कई हिस्सों में उग्र हो गया, वहीं शाम ढलते-ढलते राजनीतिक घटनाक्रम के साथ एक अलग मोड़ पर खत्म हुआ.

सुबह 6:00 से 10:00 बजे: राज्यभर में हाई अलर्ट, 70 हजार जवान तैनात और शांतिपूर्ण शुरुआत

सुबह तड़के से ही पूरे बिहार में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई थी. पटना, औरंगाबाद और बेगूसराय समेत कई जिलों में एहतियातन स्कूल-कॉलेज बंद रखे गए थे. पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर राज्यभर में लगभग 70 हजार पुलिसकर्मियों और केंद्रीय बलों (CISF, BSF, SSB, CRPF) को तैनात किया गया.

पटना के डाकबंगला चौराहा, जेपी गोलंबर और गांधी मैदान जैसे संवेदनशील इलाकों में खुद एसएसपी फ्लैग मार्च करते नजर आए. शुरुआती घंटों में जनजीवन सामान्य रहा और सड़कों पर यातायात सुचारू रूप से चलता दिखा.

सुबह 10:00 से दोपहर 1:00 बजे: सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारी, आरा में रोकी गई ट्रेन

दोपहर होते-होते छात्र संगठनों और वामपंथी कार्यकर्ताओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा. राजधानी पटना के डाकबंगला चौराहे पर हजारों छात्र इकट्ठा हो गए और सरकार विरोधी नारेबाजी शुरू कर दी.

भोजपुर के आरा रेलवे स्टेशन पर बंद समर्थकों ने प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर पहुंचकर पटना-बक्सर पैसेंजर ट्रेन को रोक दिया और ट्रैक पर प्रदर्शन किया. आरा में ही आरपीएफ अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की की घटनाएं हुईं, तो शिवहर और मधेपुरा में भी प्रदर्शनकारियों ने मुख्य सड़कों को जाम कर दिया.

दोपहर 1:00 से शाम 4:00 बजे: कई जिलों में भड़की हिंसा, पथराव में दो एसपी समेत कई अफसर घायल

दोपहर बाद कई जिलों में प्रदर्शन अचानक हिंसक रूप लेने लगा. सीवान में उग्र भीड़ ने पुलिस पर जमकर पथराव किया, जिसमें सीवान एसपी पूरन कुमार झा घायल हो गए. हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले और करीब 10 राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी.

सीतामढ़ी के शंकर चौक पर हुए पथराव में एसपी अमित रंजन के पैर में चोट आई और एक एसआई समेत 13 पुलिसकर्मी जख्मी हो गए. छपरा में प्रदर्शनकारियों के पथराव से सदर बीडीओ दृष्टि पांडेय घायल हो गईं और एक पुलिस वाहन को आग के हवाले कर दिया गया. बेतिया और भागलपुर में भी पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ के बाद लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को खदेड़ा गया.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

शिक्षा मंत्री का इस्तीफा, डाकबंगला पर जश्न

दोपहर 2:18 मिनट पर खबर आई की केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. इस खबर के सामने आते ही पटना के डाकबंगला चौराहे पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने 'जीत गए' के नारे लगाते हुए जश्न मनाया. हालांकि, कई जगहों पर इसके बावजूद छिटपुट विरोध जारी रहा.

पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात रखकर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में लिया. एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्रों में इंटरनेट की स्पीड धीमी कर दी गई और उपद्रवियों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है.

इसे भी पढ़ें: Bihar Band: पटना, भागलपुर, छपरा, सीतामढ़ी समेत बिहार के इन जिलों में हिंसक हुआ प्रदर्शन, एसपी को भी लगी चोट