August 22, 2026

Bihar: पूजा का प्रसाद खाते ही 30 से ज्यादा लोग बीमार, गांव में मचा हड़कंप; बच्चे-बुजुर्ग अस्पताल मे भर्ती

समस्तीपुर जिले के बिथान थाना क्षेत्र के उजान पंचायत अंतर्गत परड़ी गांव में शुक्रवार देर शाम सत्यनारायण पूजा के बाद बांटा गया प्रसाद खाने के कुछ देर बाद ही लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते गांव के 30 से अधिक लोग उल्टी, दस्त और पेट दर्द की चपेट में आ गए। बीमार लोगों में बच्चे और वयस्क दोनों शामिल हैं।


तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों ने आनन-फानन में बीमार लोगों को अलग-अलग वाहनों से अस्पताल पहुंचाना शुरू किया। करीब 30 मरीजों का इलाज बिथान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में चल रहा है। वहीं, कुछ मरीजों को अलौली पीएचसी, रोसड़ा तथा आसपास के निजी अस्पतालों में भी भर्ती कराया गया है।

विज्ञापन



प्रसाद खाने के कुछ देर बाद बिगड़ने लगी तबीयत


ग्रामीणों के अनुसार, गांव में सत्यनारायण पूजा का आयोजन किया गया था। पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं और अन्य लोगों के बीच प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद खाने के कुछ ही समय बाद कई लोगों को उल्टी, दस्त और तेज पेट दर्द की शिकायत होने लगी। पहले एक-दो लोगों की तबीयत खराब होने पर इसे सामान्य परेशानी माना गया, लेकिन थोड़ी देर में जब कई लोग एक जैसे लक्षणों के साथ बीमार पड़ने लगे तो ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई। देखते ही देखते बीमार लोगों को अस्पताल ले जाने का सिलसिला शुरू हो गया।

विज्ञापन



अस्पताल में एक साथ पहुंचने लगे मरीज


बिथान सीएचसी में मरीजों की संख्या अचानक बढ़ने से स्वास्थ्यकर्मियों को भी अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी। बच्चों के बीमार होने से उनके परिजन खासे परेशान दिखे। चिकित्सकों ने मरीजों का उपचार शुरू किया और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। कुछ मरीजों को बेहतर उपचार के लिए दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों और निजी अस्पतालों में भी ले जाया गया। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।



फूड पॉइजनिंग की आशंका, जांच के बाद साफ होगी वजह


एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने की घटना के बाद फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। शुरुआती तौर पर प्रसाद को संभावित कारण माना जा रहा है, क्योंकि प्रसाद खाने के बाद ही बड़ी संख्या में लोगों में एक जैसे लक्षण सामने आए। हालांकि, प्रशासन ने अभी प्रसाद को बीमारी की निश्चित वजह नहीं माना है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि लोगों के बीमार पड़ने की वास्तविक वजह क्या थी।



बीडीओ ने ली पूरे मामले की जानकारी


बिथान के बीडीओ आफताब आलम ने मामले की जानकारी लेते हुए फूड पॉइजनिंग से लोगों के प्रभावित होने की बात कही है। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्र और अस्पतालों में स्थिति की जानकारी ली जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीजों की लगातार निगरानी कर रही है, ताकि किसी मरीज की हालत गंभीर होने पर तत्काल आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।



गांव से अस्पताल तक प्रशासन की नजर


घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से भी जानकारी ली गई। स्वास्थ्य विभाग को सभी मरीजों के समुचित इलाज और निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।



फिलहाल मरीजों का उपचार जारी है और स्वास्थ्य विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है। घटना के बाद गांव में प्रसाद को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जरूर हैं, लेकिन प्रसाद में खराबी थी या बीमारी की कोई अन्य वजह थी, इसका जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा।