September 7, 2026

Bhopal Railway Station: स्वच्छता नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, अगस्त में 104 मामले दर्ज, ₹35,800 जुर्माना वसूला - Haribhoomi

भोपाल रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता अभियान तेज है। अगस्त 2026 में नियमों के उल्लंघन के 104 मामले दर्ज कर ₹35,800 जुर्माना वसूला गया। रेलवे ने यात्रियों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।

bhopal station

bhopal station

  • Published: 07 Sep 2026, 04:38 PM IST
  • Last Updated: 07 Sep 2026, 04:38 PM IST

भोपाल। भोपाल रेलवे स्टेशन को स्वच्छ और यात्री सुविधाओं के अनुकूल बनाए रखने के लिए रेलवे प्रशासन ने स्वच्छता अभियान तेज कर दिया है। यात्रियों को जागरूक करने के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी की जा रही है। अगस्त 2026 में स्वच्छता नियमों के उल्लंघन के 104 प्रकरण दर्ज कर ₹35,800 का जुर्माना वसूला गया।

उद्घोषणाओं के जरिए यात्रियों को किया जा रहा जागरूक

भोपाल मंडल द्वारा स्टेशन परिसर में नियमित रूप से उद्घोषणाएं कर यात्रियों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की जा रही है। यात्रियों को स्टेशन और ट्रेनों में कचरा इधर-उधर न फेंकने तथा निर्धारित डस्टबिन का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

रेल प्रशासन का कहना है कि स्वच्छता अभियान का उद्देश्य केवल स्टेशन परिसर की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यात्रियों में स्वच्छता और सार्वजनिक स्थानों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है।

नियम तोड़ने वालों पर जन विश्वास अधिनियम के तहत कार्रवाई

जागरूकता अभियान के साथ स्वच्छता संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। भोपाल रेलवे स्टेशन पर अगस्त महीने में 104 प्रकरण दर्ज किए गए और इन मामलों में कुल 35,800 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।

रेलवे के अनुसार, ऐसी कार्रवाई का उद्देश्य यात्रियों में अनुशासन बढ़ाना और स्टेशन परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए उन्हें जिम्मेदार बनाना है।

'स्वच्छ स्टेशन-स्वच्छ यात्रा' पर जोर

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने कहा कि स्वच्छ रेलवे स्टेशन केवल रेल प्रशासन के प्रयासों से नहीं, बल्कि यात्रियों के सहयोग और सहभागिता से ही संभव है। उन्होंने कहा कि भोपाल मंडल द्वारा स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए जागरूकता गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे स्टेशन और ट्रेनों में कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें और 'स्वच्छ स्टेशन–स्वच्छ यात्रा' के संकल्प में सहभागी बनें।

यात्रियों से सहयोग की अपील

भोपाल मंडल रेल प्रशासन ने यात्रियों से स्टेशन परिसर और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है। रेलवे का कहना है कि यात्रियों के सामूहिक सहयोग से ही स्वच्छ, सुंदर और बेहतर रेल परिसर का निर्माण संभव है।