July 29, 2026

Bhopal Farmers Protest: मूंग खरीद की मांग को लेकर भोपाल में डटे हजारों किसान, 7 दिन का राशन-पानी लेकर पहुंचे - Haribhoomi

मूंग की 100 प्रतिशत सरकारी खरीदी और ई-टोकन व्यवस्था खत्म करने की मांग को लेकर भोपाल पहुंचे करीब दो हजार किसानों और प्रशासन के बीच वार्ता बेनतीजा रही। किसानों ने सरकार का एक सप्ताह का प्रस्ताव ठुकराते हुए मुख्यमंत्री आवास घेरने का ऐलान किया है।

Bhopal Farmers Protest

Bhopal Farmers Protest

  • Published: 29 Jul 2026, 09:14 AM IST
  • Last Updated: 29 Jul 2026, 10:32 AM IST

भोपाल: मध्य प्रदेश में मूंग की 100 प्रतिशत सरकारी खरीदी और खाद वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर किसान आंदोलन और तेज हो गया है। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले भोपाल पहुंचे करीब दो हजार किसान मंगलवार रात भी होशंगाबाद रोड पर डटे रहे। देर रात प्रशासन और किसान प्रतिनिधियों के बीच करीब एक घंटे तक चली बातचीत किसी नतीजे पर नहीं पहुंची। इसके बाद किसानों ने बुधवार सुबह मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का ऐलान कर दिया।

एक सप्ताह का समय देने का प्रस्ताव
किसान नेताओं का कहना है कि प्रशासन ने आंदोलन समाप्त करने और सरकार को एक सप्ताह का समय देने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन किसानों ने इसे अस्वीकार कर दिया। उनका कहना है कि जब तक प्रदेश में मूंग की पूरी उपज की सरकारी खरीदी और ई-टोकन व्यवस्था समाप्त करने का निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा।

संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य और किसान स्वराज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष  ने कहा कि किसानों को कई बार मुख्यमंत्री से मुलाकात का आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक बातचीत नहीं हो सकी। ऐसे में अब किसान सीधे मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करेंगे और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे।

bpl

भोपाल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
किसानों के आंदोलन को देखते हुए राजधानी भोपाल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे किसानों को पुलिस ने वीर सावरकर सेतु से पहले CSIR-AMPRI के सामने रोक दिया। पुलिस ने रास्ता बंद करने के लिए कई बसें बीच सड़क पर खड़ी कर दीं और वाटर कैनन भी तैनात किए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल शर्मा ने बताया कि किसानों को रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और यही अंतिम बैरिकेडिंग पॉइंट निर्धारित किया गया है।

kisan

आंदोलन का असर राजधानी की यातायात व्यवस्था पर
आंदोलन का असर राजधानी की यातायात व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दिया। पुलिस ने नर्मदापुरम रोड पर ट्रैफिक डायवर्ट किया, जिससे होशंगाबाद रोड, एम्स, बंसल प्लाजा और कटारा हिल्स रोड सहित कई इलाकों में लंबा जाम लग गया। 11 मील से ट्रैफिक डायवर्ट होने के कारण कटारा हिल्स रोड पर करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ा।

यातायात प्रभावित होने के साथ ही नर्मदापुरम रोड से लगे कुछ स्कूलों में छुट्टी भी घोषित कर दी गई। पुलिस ने आरआरएल तिराहा ब्रिज के उतार से नर्मदापुरम मार्ग पर यातायात नियंत्रित करते हुए वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग जारी किए हैं।

फिलहाल पुलिस और किसान आमने-सामने हैं, लेकिन आंदोलन शांतिपूर्ण बना हुआ है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि सरकार किसानों की मांगों पर क्या रुख अपनाती है और मुख्यमंत्री आवास घेराव के दौरान स्थिति किस दिशा में जाती है।