Bhopal Deepshikha Hospital Fire: भोपाल के बागसेवनिया क्षेत्र के विद्यानगर स्थित दीपशिखा अस्पताल में शुक्रवार रात इमरजेंसी वार्ड में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग से निकला धुआं अस्पताल की चारों मंजिलों तक पहुंच गया। उस समय अस्पताल में करीब 20 मरीज भर्ती थे, जिनमें डिलीवरी के लिए आई महिलाएं भी शामिल थीं। धुआं फैलते ही मरीजों और अस्पताल स्टाफ के बीच अफरा-तफरी मच गई।
पुलिसकर्मियों ने सबसे पहले देखा धुआं
अस्पताल के बाहर चार्ली ड्यूटी पर मौजूद पुलिस जवानों की नजर परिसर से निकल रहे धुएं पर पड़ी। उन्होंने तुरंत अस्पताल के कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद बागसेवनिया थाने के एएसआई वीरमणि पांडे अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आग बुझाने से पहले मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने पर ध्यान दिया।
सीढ़ियों से निकाले गए मरीज
आग ग्राउंड फ्लोर पर बने इमरजेंसी वार्ड में लगी थी, जबकि धुआं तेजी से ऊपर की मंजिलों में भर रहा था। अस्पताल की लिफ्ट उस समय बीच में थी और पुलिस ने उसके इस्तेमाल के बजाय बाहर की सीढ़ियों से मरीजों को निकालने का फैसला किया। करीब 15 पुलिसकर्मियों ने लगभग आधे घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया। एक-एक करके करीब 20 मरीजों को बाहर निकाला गया। इनमें प्रसव के लिए भर्ती महिलाएं भी थीं। सभी मरीजों को पास के सहारा अस्पताल में शिफ्ट कराया गया।
दमकल पहुंचने से पहले आग पर पाया काबू
मरीजों को बाहर निकालने के साथ अस्पताल के कर्मचारियों और पुलिस टीम ने आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया था। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस दौरान नगर निगम की दो दमकल गाड़ियां भी मौके के लिए रवाना हुईं, लेकिन उनके पहुंचने तक आग शांत हो चुकी थी। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी मरीज, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं मिली।
पीछे के घरों तक पहुंचा धुआं, पुलिस जांच में जुटी
आग से उठने वाला घना धुआं अस्पताल के पीछे बने मकानों तक भी पहुंच गया था। इससे घबराए स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए और प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कुछ देर तक हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस अस्पताल की बिजली व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें:
लेखक